कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दूबे):
कैमूर। रविवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी कैमूर सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक कैमूर ललित मोहन शर्मा के द्वारा लोक सभा आम निर्वाचन, 2024 हेतु प्रतिनियुक्त सेक्टर पदाधिकारियों, सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु निदेशित किया गया। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा रविवार भभुआ अनुमंडल अंतर्गत प्रतिनियुक्त सेक्टर पदाधिकारी व सेक्टर पुलिस पदाधिकारी को लिच्छवी भवन में एवं मोहनिया अनुमंडल अंतर्गत प्रतिनियुक्ति सेक्टर पदाधिकारी व सेक्टर पुलिस पदाधिकारी को अनुमंडल स्थित सभाकक्ष में आयोजित प्रशिक्षण सत्र को संबोधित किया गया। इस मौके पर डीएम ने कहा कि संविधान द्वारा प्रदत्त सार्वभौम वयस्क मताधिकार हम सभी के लिए बहुमूल्य है। जागरूक मतदाता हमारे समृद्ध लोकतंत्र की रीढ़ हैं। चुनावों में उच्च मतदान प्रतिशत इसे एक नया आयाम देगा। डीएम सावन कुमार ने कहा कि निर्वाचन पूर्णतः स्वच्छ, निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी एवं सहभागितापूर्ण माहौल में संपन्न कराया जायगा। सभी पदाधिकारी इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहेंगे। इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ व मोहनिया, भूमि सुधार उपसमाहर्ता भभुआ व मोहनिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भभुआ व मोहनिया, डीएसपी मुख्यालय ,अवर निर्वाचन पदाधिकारी एवं अन्य लोग भी उपस्थित थे।




