रिपोर्ट- आशुतोष पांडेय
दिनांक 16.01.2024 को उपभोक्ताओं के विद्युत विपत्र, राजस्व संग्रहण एवं अन्य समस्याओं के निवारण हेतु विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, आरा अंतर्गत आरा ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में कैम्प लगाया जाएगा। जिसमें उपभोक्ता विद्युत संबंधित सभी समस्याओं का निवारण करा सकते है। इस हेतु कोईलवर प्रखंड के कोईलवर वार्ड नंबर-2, एवं बीरमपुर गांव, बड़हरा प्रखंड के मरहा एवं सबलपुर गाँव, आरा प्रखंड के मोहनपुर एवं सिंगही गांव, उदवंतनगर प्रखंड के घोरपोखर, सेमरिया एवं खरौनी गाँव, संदेश प्रखंड के सिरखीचक एवं रामपुर गाँव मे कैम्प लगाया जाएगा। इस संदर्भ में श्री अमरेन्द्र कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियन्ता, आरा द्वारा बताया गया कि कंपनी मुख्यालय द्वारा प्राप्त निर्देश के आलोक में ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक गाँव में विद्युत संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायतों के आन स्पॉट निवारण हेतु 16 जनवरी से 31 मार्च तक प्रत्येक प्रखंड के किसी न किसी गाँव मे कैम्प लगाया जाएगा। वैसे ग्रामीण उपभोक्ता जिनको विद्युत विपत्र अथवा अन्य कोई विद्युत से संबंधित समस्या हो वे कैम्प में आवेदन देकर हाथो हाथ अपनी समस्या का निवारण करा सकते है। समस्याओं के अविलंब निवारण हेतु कैम्प में सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।




