नेहा कुमारी की रिपोर्ट
बेगुसराय में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बखरी अनुमंडल मुख्यालय में वोटर वेरीफाएबल पेपर आडिट ट्रेल वीवीपैट केंद्र का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरव ने ने किया। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर किसी भी मतदाता को ईवीएम एवं वीवीपैट का उपयोग करने में कोई परेशानी ना हो, इसको लेकर अनुमंडल मुख्यालय में वीवीपैट केंद्र का उद्घाटन किया गया है। इस केंद्र पर आकर मतदाता वीवीपैट से मुद्रित पर्ची में दिए गए अभ्यर्थियों के क्रम संख्या, नाम और चुनाव चिन्ह सात सेकंड तक देख सकते हैं, जिसके पक्ष में अपने मतदान किया है। इसकी जानकारी इस केंद्र पर आकर मतदाता प्राप्त कर सकते हैं।यह केंद्र दस बजे से पांच बजे तक खुला रहेगा। एसडीएम श्री सौरव ने बताया जब आप मतदान प्रकोष्ठ में प्रवेश करेंगे तब पीठासीन अधिकारी बैलेट यूनिट को वोट डालने के लिए तैयार कर देंगे। इसके बाद बैलेट यूनिट में अपने पसंद के प्रत्याशी के नाम और चुनाव चिन्ह के सामने वाले नीले बटन को दबाना है। इसके बाद जिस प्रत्याशी को वोट दिया गया है उसके नाम और चुनाव चिन्ह के सामने वाले लाल बत्ती जलेगी। फिर प्रिंटर एक बैलेट पर्ची प्रिंट करेगा। जिसमें आपके पसंद के प्रत्याशी का क्रमांक, नाम और चुनाव चिन्ह अंकित दिखाया जाएगा। मौके पर बखरी अनुमंडल के डीसीएलआर किशन कुमार, पूर्व अपर एसडीओ शहजाद अहमद,प्रशिक्षक हरिमोहन प्रसाद राय एवं बिरंगी यादव ,अधिवक्ता गौरव कुमार, मुजीबुर्रहमान अंसारी,सामाजिक कार्यकर्ता भवेश पासवान, विकास मिश्रा, अनुमंडल कार्यालय के स्टेनो मंतोष कुमार यादव आदि मौजूद थे।




