रवि शंकर अमित!
पिछले दरवाजे से राजद की सरकार में आते ही बिहार में बढ़ा अपहरण एवं लूट उद्योग।
बिहार में बढ़ते अपराध से स्थापित उद्योगपतियों का हो रहा पलायन।
मुख्यमंत्री जी का नालंदा और उपमुख्यमंत्री का वैशाली में लगा है अपराधों की प्रतिस्पर्धा
पटना 30 अक्टूबर 2023
बिहार भाजपा विधानमंडल दल के नेता विजय कुमार सिन्हा ने तेजस्वी यादव के हाल ही में जापान दौरा पर तंज कसते हुए कहा कि यह दौरा उनका निजी दौरा है। इससे बिहारवासियों का कोई भला नहीं होने वाला है। वो बिहार को बदहाल कर जापान केवल मौज-मस्ती के लिए गये हैं।
श्री सिन्हा ने कहा कि पिछली एनडीए की सरकार में तत्कालीन उद्योग मंत्री द्वारा कई निवेशकों को बिहार में उद्योग लगाने हेतु आमंत्रित किया गया जिसको लेकर कई मंचों पर मुख्यमंत्री द्वारा सराहना भी की गई। किन्तु प्रधानमंत्री बनने की दिवास्वप्न के कारण राजद को पिछले दरवाजे से लाया गया। जिससे वो सभी निवेशक राजद का गुंडाराज के कारण बिहार से निवेश करने से मुकर गये।
श्री सिन्हा ने कहा कि मौजूदा हालात में जिस प्रकार से बिहार में अपराध के ग्राफ़ में बेतहाशा वृद्धि हुई है उसको देख पूर्व से स्थापित व्यापार को भी बंद कर व्यापारी पलायन को मजबूर हैं।
श्री सिन्हा ने कहा कि जब से राजद पिछले दरवाजे से सरकार में आई है तब से लगातार लूट, हत्या, बलात्कार जैसे संगीन अपराधों के कारण यहाँ पर्यटक भी आने से डर रहे हैं। उनके पास पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ना तो कोई नीति है और ना ही उनकी नियत।
श्री सिन्हा ने सरकार को घेरते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी का ज्ञान-विज्ञान और बुद्ध की धरती नालंदा, राजगीर और उपमुख्यमंत्री का लोकतंत्र की जननी वैशाली, अपराधिक घटनाओं के मामले में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। उनके क्षेत्रों में हो रहे लगातार अपराध का कारण वो स्पष्ट करें।
श्री सिन्हा ने कहा कि उनकी कोई भी योजना या नीति जनसाधारण के लाभ में नहीं है और वो केवल सत्ता लोलुपता के शिकार है।




