टिंकू कुमार

समस्तीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है जिले में बढ़ते अपराध को लेकर पुलिस सजग हो गई है। अपराधी पर नकेल कसने के लिए लगातार गश्त एवं छापेमारी कर रही है । जिले के रोसरा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर चार युवकों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली की कर्पूरी चौक के पास एक युवक पिस्तौल के साथ खड़ा है।

सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में थानाध्यक्ष सीताराम प्रसाद,पुलिस अवर निरीक्षक हारुण रसीद खाँ,सहायक अवर निरीक्षक महेश पासवान,राजीव रंजन एवं सशस्त्र बल के साथ एक पुलिस दल गठित करते हुए कर्पूरी चौक पर से रोसड़ा बड़ी दुर्गास्थान निवासी विकास उर्फ बदरी को पिस्तौल और एक मोबाइल सेट के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार युवक से पूछताछ के क्रम में उसके द्वारा मिली जानकारी के आधार पर मिर्जापुर से बड़ी दुर्गास्थान निवासी भवेश उर्फ कन्हैया मिश्र को 315 बोर की दो जिंदा गोली और मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर सोनूपुर के गुड्डू कुमार मिश्र को एक लोडेड देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवक के साथी सीमावर्ती गढ़पुरा थाना के मुसेपुर गांव निवासी शिवम कुमार राय उर्फ सोनू की गिरफ्तारी की गई। पुलिस ने गिरफ्तार युवक की मोबाइल भी खंगाल जिसके बाद भवेश और विकास के मोबाइल गैलरी में कई अन्य गैंग को आर्म्स के साथ तस्वीर पाया गया।




