लंबे वक्त बाद हरिवंश मिले नीतीश से, अटकलों का बाजार गर्म

SHARE:

रिपोर्ट अनमोल कुमार

नए संसद भवन के उद्घाटन को लेकर तल्खियां बढ़ी थी
तेजस्वी पर चार्जशीट के बाद सियासत तेज

पटना : बिहार में जारी सियासी अटकलों के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह से मुलाकात की। यह मुलाकात लंबे वक्त के बाद हुई। हरिवंश जदयू से राज्यसभा सांसद हैं। वे पार्टी के बायकॉट के बावजूद नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह के मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद जदयू ने नाराजगी व्यक्त की थी। नीतीश कुमार और हरिवंश के बीच ये मुलाकात ऐसे वक्त पर हुई, जब बिहार में कई तरह की सियासी अटकलें लगाई जा रही हैं। दरअसल, महाराष्ट्र में रविवार को जिस तरीके से राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदला और अजित पवार के नेतृत्व में एनसीपी में बड़ी टूट हुई, उसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि महाराष्ट्र जैसी स्थिति बिहार में भी जल्द दोहराई जा सकती है। बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव लैंड फॉर जॉब मामले में चार्जशीटेड हुए हैं, जिसके बाद अब इस मुलाकात को लेकर हलचल बढ़ी है। राउज एवेन्यू कोर्ट में 12 जुलाई को इस मामले में सुनवाई होनी है। आरोप पत्र में बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का नाम आरोपी के तौर पर शामिल हैं। इसी मामले में सीबीआई पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और कई अन्य के खिलाफ पहले ही आरोप पत्र दायर कर चुकी है। ऐसे में सोमवार को नीतीश और हरिवंश की हुई मुलाकात को अलग नजरिए से देखा जा रहा है। सियासी गलियारे में सवाल उठ रहा है कि नीतीश कुमार और हरिवंश की मुलाकात सिर्फ औपचारिकता है या कुछ और है? बता दें कि अभी कुछ दिन पहले ही सीएम नीतीश कुमार ने अपने विधायकों, विधान पार्षदों और सांसदों से वन-टू-वन मुलाकात की थी। ऐसे में हो सकता है यह मुलाकात भी इसी कड़ी का हिस्सा हो, लेकिन बिहार की राजनीति में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। बता दें कि नए संसद भवन का जब पूरा विपक्ष विरोध कर रहा था तो उद्घाटन समारोह में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश पहुंचे थे। उनके जाने पर जदयू ने कड़ा रुख भी जताया था। इसके बाद अब हरिवंश और सीएम नीतीश कुमार की यह पहली मुलाकात बताई जा रही है। सूत्रों की मानें तो नीतीश कुमार और हरिवंश की फोन पर भी बातचीत नहीं हो रही थी।

राजद ने कहा-पार्टी का अंदरूनी मामला
इस मुलाकात पर राजद के प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि हरिवंश जदयू के सांसद हैं। नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री हैं। वो दोनों मिलते हैं तो ये तो उनकी पार्टी का अंदरूनी मामला है। आगे इस सवाल पर कि कहीं दिल्ली से दूत बनकर तो हरिवंश नहीं पहुंचे थे? महागठबंधन पर तलवार तो नहीं लटक रहा? इस पर शक्ति यादव ने कहा कि बीजेपी विपक्षी एकता को लेकर घबराहट में है।

Join us on:

Leave a Comment