आरा/आशुतोष पाण्डेयआरा
पटना बक्सर फोरलेन के कुल्हड़िया स्थित टोल प्लाजा पर उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के एक कर्मी को चोरी का आरोप लगाकर टोल कम्पनी के बाउंसरों ने बुरी तरह पीट दिया.बुरी तरह पीट कर अधमरा करने के बाद उसे गोंडा जाने वाली ट्रेन में फेंक दिया.जहां गोंडा पहुँचने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.इस घटना से सम्बंधित मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।हालांकि न्यूज़ 24 इस वाइरल वीडियो की पुष्टि नही करता है। मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के कटरा बाजार थाने के मनिकापुर निवासी सूर्य नारायण सिंह का 34 वर्षीय पुत्र बलवंत सिंह पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग के कुल्हड़िया टोल प्लाजा पर सुपरवाइजर की नौकरी करता था।इसी बीच शुक्रवार को उसपर टोल के पैसे की चोरी का आरोप लगाते हुए कम्पनी के बाउंसरों ने उसे पकड़ कर टोलप्लाज़ा के कार्यालय पर ही पीट दिया.यहां लोगों की भीड़ जुटते देख कम्पनी के बाउंसर उसे पास ही के एक होटल के कमरे पर ले गए जहां उस कम्पनी का मैनेजर रहता था.वायरल वीडियो में सुपरवाइजर के साथ मारपीट कर रहे कम्पनी के बाउंसरो की तस्वीर उसी होटल के छत की बताई जा रही है.कुछ लोगों ने इस मामले को राष्ट्रीय कुश्ती संघ और यूपी के सांसद ब्रजभूषण सिंह से जुड़ा बताते हुए कहते हैं कि हरियाणा के बाउंसरों ने मृतक बलवंत की इसलिए चोरी का आरोप लगाकर पिटाई कर दी कि वह कथित तौर पर सांसद ब्रजभूषण सिंह का समर्थन करता था. इधर मारपीट के बाद बलवंत को गोंडा जाने वाली ट्रेन में फेंक दिया गया.बुरी तरह जख्मी अवस्था मे ही किसी तरह बलवंत गोंडा पंहुचा जहां इसकी सूचना वहां के आरपीएफ पोस्ट प्रभारी को मिली।इसके बाद उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया,जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। इधर बलवंत के मौत की सूचना मिलते ही कुल्हड़िया टोल प्लाजा पर हड़कम्प मच गया.हरियाणा और पश्चिमी उत्तरप्रदेश के सभी कर्मियों को यहां से हटा दिया गया.पिटाई वाले वायरल वीडियो में दिख रहे सभी बाउंसरों समेत होटल के कमरे में रह रहे मैनेजर और अन्य हरियाणवी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कर्मी फरार हो गए.खबर की सूचना पर पहुंचे कोइलवर थाना के थानेदार ने आवश्यक जांच पड़ताल की और मृतक के बारे मे जानकारी ली.थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों द्वारा अभीतक कोई भी आवेदन नही दिया गया है. परिजनों ने सम्पर्क किया है.उनके आने और आवेदन देने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.हालांकि टोल कम्पनी द्वारा भी समाचार लिखे जाने तक चोरी की किसी घटना के सम्बंध में थाने में कोई आवेदन नही दिया गया था।हालांकि पुलिस ने इस मामले पर मीडिया को तत्काल कुछ भी कहने से इन्कार किया है।





