पंकज कुमार जहानाबाद ।
जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जीविका के कार्यों की समीक्षा संबंधित पदाधिकारियों के साथ करते हुए आवश्यक निदेश दिया गया।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका को निदेश दिया कि जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत् हुलासगंज के अलावा अन्य सभी प्रखंडों में मछली पालन कराने के लिए तालाब को चिन्हित कर मछली पालन कराना सुनिश्चित करेंगे । जीविका द्वारा जिला पदाधिकारी को ये आश्वस्त किया गया कि हुलसगंज के अलावा जल्द ही मखदुमपुर एवं काको प्रखंड में मछली पालन का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जिला पदाधिकारी को अवगत करवाया गया कि वर्तमान में हुलासगंज एवं मोदनगंज में दीदी की पौधशाला चलाई जा रही है। शीघ्र ही काको और घोषी प्रखंड में इसकी शुरूआत की जानी है। बैठक में जिला पदाधिकारी को अवगत करवाया गया कि जिला में नीरा के उत्पाद एवं बिक्री का टारगेट पूरा कर लिया गया है।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने जीविका दीदीयों द्वारा संचालित ग्रामीण बाजार की विक्रय रिपोर्ट पर समीक्षा करते हुए ग्रामीण बाज़ार की सेल बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा निदेश दिया गया कि ग्रामीण बाज़ार को वित्तीय रूप से अधिक लाभदायक बनाने के लिए उचित कार्य योजना बनाई जाए। अन्य संस्था व विभागों में भी ग्रामीण बाज़ार से खरीदारी करने पर विचार किया जा सकता है।




