कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):
ससुराल से अपने घर जा रहे बाइक सवार युवक को ट्रैक्टर ने धक्का मार दिया। इस घटना में युवक की मौत हो गयी। यह घटना कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र की बतायी जाती है। चैनपुर थाना क्षेत्र के केवा मुंडेश्वरी पथ पर स्थित रूपापट्टी गांव के समीप ट्रैक्टर ने बाइक सवार को धक्का मार दिया। घटना के बाद आसपास रहे लोग मौके पर पहुंचे और घायल हुए युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। ट्रैक्टर के धक्के से जिस युवक की मौत हुई है उसकी पहचान चांद थाना क्षेत्र के दारुनपुर गांव निवासी शिव बचन बिंद का 35 वर्षीय पुत्र रामू बिंद के रूप में की गयी है। बता दें कि युवक अपने ससुराल बौरई आया था। जिसके बाद वह अपने घर जा रहा था। तभी उक्त जगह के पास ट्रैक्टर ने धक्का मार दिया और उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।




