रिपोर्ट – अमित कुमार!
वर्तमान दौर में युवाओं तक महात्मा गांधी के विचारों को पहुँचाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि: तुषार गांधी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी के आवाज को बुलंद करना होगा :तुषार गांधी
*नफरत और झूठ का कोई वजूद नहीं होता, कांग्रेस के कार्यकर्ता एकजुट होकर नफरत के खिलाफ लड़ें :तुषार गांधी
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को वर्तमान दौर में युवा पीढ़ी तक पहुंचाना ही उस महान विभूति के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी ये बातें बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के तत्वाधान में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित संगोष्ठी “वर्तमान राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में गाँधी की प्रासंगिकता” पर बोलते हुए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी ने कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में देश बेहद नाजुक राजनीतिक दौर से गुजर रहा है जहां कुछ अति उत्साही राजनीतिक विचारधारा के लोग परस्पर विपरीत विचारों के लिए कोई जगह नहीं छोड़ना चाहते हैं। ऐसे में गांधीवादी विचारधारा को पुष्ट करने की जरूरत है और नफरत व डर के माहौल को खत्म कर सामाजिक सामंजस्यता स्थापित करने की आवश्यकता है। युवाओं पर विशेष जोर देकर उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी तक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को पहुंचाने की कवायद बुद्धिजीवियों को करने की आवश्यकता है वरना देश के अंदर ही गांधी की हत्या के बाद गांधीवाद की हत्या को सत्तापक्ष आमादा है। भारत को भारत बनाने में कई महान विभूतियों ने अपने प्राणों की आहूति दी और असहनीय पीड़ा को सहा था लेकिन वर्तमान दौर में उनके बलिदान को तोड़-मरोड़ के पेश करने का फैशन चल पड़ा है इसको लेकर गांधीवादी लोगों को आगे आने की जरूरत है। उन्होंने बिहार में महात्मा गांधी के कार्यों के बाबत बोला कि सीमांत गांधी के नाम से महशूर खान अब्दुल गफ्फार खान ने भी गाँधीजी के साथ कदमताल किया और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उन्होंने वर्तमान दौर के राजनीति पर बोलते हुए कहा कि गांधी की हत्या में गोड्से केवल हत्यारा था असली कातिल आरएसएस और हिन्दू महासभा के लोग और विचार थे। वर्तमान दौर में जरूरत है हमें कांग्रेस और राहुल गांधी के संघर्ष के साथ खड़ा होने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि संघ के पास एक भी नेता नहीं जिसका कद बड़ा हो। कांग्रेस के पास ऐसे नेताओं की फेहरिस्त हैं जिसकी ऊँचाई गगन चुम्बी है, जो सरदार पटेल की ऊँचाई मूर्ति की लम्बाई से मापते हैं उनको क्या पता कि पटेल क्या चीज थे, वे पटेल को समझ ही नहीं पाये। मोदी जी से ज्यादा झूठ कोई नहीं बोलता। विदेशियों से लड़ना आसान था आज देश की गद्दी पर गद्दार विराजमान है।
इससे पूर्व संगोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे हैं प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रपौत्र व लेखक तुषार गांधी को प्रदेश कांग्रेस सदाकत आश्रम के सभागार में पुष्पगुच्छ, मिथिला का पाग और अंगवस्त्र से स्वागत व अभिनंदन किया।




