मधेपुरा- बड़ी वारदात की तैयारी में थे 5 बदमाश, कार से 2 कट्टे और 25 गोलियां बरामद!

SHARE:

रिपोर्ट – राजीव रंजन!


मधेपुरा- चौसा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की कथित साजिश को नाकाम करते हुए पांच अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में भागलपुर, कटिहार और मधेपुरा जिले के अपराधी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से दो देशी कट्टा, 25 जिंदा कारतूस, 14 हजार रुपये नगद, छह मोबाइल फोन और एक उजले रंग की कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार को समकालीन अभियान के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि नौगछिया की ओर से एक उजले रंग की कार में पांच अपराधी चौसा की तरफ आ रहे हैं और भटगामा पहुंचकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद पु.नि. सह थानाध्यक्ष चौसा के नेतृत्व में एसटीएफ और चौसा थाना पुलिस की टीम ने बाबा विशु कॉलेज के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान भटगामा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही उजले रंग की कार को पुलिस ने रोक लिया। कार में पांच लोग सवार थे। पूछताछ के बाद उनकी पहचान रवि सिंह, सन्नी कुमार उर्फ सन्नी सिंह, मनीष कुमार, कुमार मनीष और पंकज मुनि के रूप में हुई।
पुलिस ने पहले पांचों की तलाशी ली। इसके बाद कार की तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ा सुराग मिला। कार के स्टेयरिंग के बाईं तरफ डैशबोर्ड में लगे एलईडी को हटाकर जांच की गई तो उसके अंदर कपड़े में लपेटकर छिपाए गए दो देशी कट्टा और 25 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
हथियार और कारतूस बरामद होते ही पुलिस ने पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से नगदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

बरामदगी
2 देशी कट्टा
25 जिंदा कारतूस
14 हजार नगद
1 उजले रंग की कार
6 मोबाइल फोन

गिरफ्तार आरोपित
रवि सिंह — हरनाथ चक, गोपालपुर, भागलपुर
सन्नी कुमार उर्फ सन्नी सिंह — हरनाथ चक, गोपालपुर, भागलपुर
मनीष कुमार — हरिओ, बिहपुर, भागलपुर
कुमार मनीष — इंदिरा, कुर्सेला, कटिहार
पंकज मुनि — चिरौरी, चौसा, मधेपुरा
पुलिस के अनुसार, पंकज मुनि का पहले से कई आपराधिक मामलों में नाम दर्ज है, जबकि अन्य गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।

Join us on: