अमित कुमार की रिपोर्ट
फुलवारी शरीफ़ lबिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय का द्वितीय दीक्षांत समारोह शनिवार को बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, पटना के सभागार में आयोजित हुआ। इस दीक्षांत समारोह में 273 छात्र छात्राओं को महामहिम राज्यपाल-सह-कुलाधिपति श्री राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर द्वारा डिग्री प्रदान की गयी। इस दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के तीनों अंगीभूत महाविद्यालय जिसमें बिहार पशुचिकित्सा महाविद्यालय, पटना; संजय गांधी गव्य प्रौद्योगिकी संस्थान, पटना और मात्स्यिकी महाविद्यालय, किशनगंज के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। दीक्षांत समारोह में बिहार पशु चिकित्सा महाविद्यालय के 9 पीएचडी छात्र, 46 एम. वी.एस.सी के छात्र और 130 बी.वी.एस.सी.एंड ए.एच के विद्यार्थियों ने डिग्री प्राप्त की। संजय गांधी गव्य प्रौद्योगिकी संस्थान पटना के एम.टेक. डेयरी टेक्नोलॉजी के 1 छात्र व बी.टेक डेयरी टेक्नोलॉजी के 63 छात्रों को डिग्रियां दी गयीं, वहीं मात्स्यिकी महाविद्यालय, किशनगंज के पहले बैच के ग्रेजुएट्स, बैचलर ऑफ फिशरी साइंस के 24 विद्यार्थियों को डिग्री दी गयी। इस अवसर पर 9 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किया गया जिनमें एम.वी.एस.सी के 2, बी.वी.एस.सी के 3, डेयरी टेक्नोलॉजी के 3 व फिशरीज के 1 विद्यार्थी शामिल है। दीक्षांत समारोह में महामहिम राज्यपाल सह कुलाधिपति बिहार श्री राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने दीक्षांत व्याख्यान प्रस्तुत किया, कार्यक्रम में अध्यक्ष, राष्ट्रीय पशु विज्ञान अकादमी (भारत) नई दिल्ली डॉक्टर डी.वी.आर. प्रकाश राव मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद थे, वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर कुलपति, बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर, डॉक्टर डी.आर.सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रामेशवर सिंह व विश्वविद्यालय के प्रबंधन बोर्ड व विद्वत परिषद के माननीय सदस्यगण उपस्थित थे।




