रिपोर्ट अनमोल कुमार
बुद्ध के बिहार में बम बनाने का सूत्र बंट रहा, चाणक्य की भूमि पर आतंक फैलाने की कोशिश
पटना : बिहार में रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान सासाराम में पथराव-आगजनी हुई। इसके बाद नालंदा भी सुलग उठा।वहां पथराव के साथ फायरिंग भी हुई, जिसमें 5 लोगों को गोली भी लगी है। अब दोनों शहरों में शांति तो कुछ हद तक है, लेकिन तनाव कम नहीं हुआ है। इस बीच घटना पर सियासत भी शुरू हो गई है। जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसके पीछे साजिश बताया वहीं केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने घटना का जिम्मेदार सरकार को ठहराया है। उन्होंने कहा है कि ये सारी घटना अमित शाह की सभा को रोकने के लिए प्रायोजित था। अश्विनी चौबे ने कहा कि राज्य सरकार की कमजोरी के कारण लोगों ने माहौल खराब किया है। राज्य सरकार ने 144 लागू कर बिहार की जनता में भ्रम फैलाया है। हम भविष्य में सासाराम में बड़ी रैली करेंगे। चौबे ने कहा कि बुद्ध के बिहार में बम बनाने का सूत्र बंट रहा है। चाणक्य की भूमि बिहार में आतंक फैलाने की कोशिश की जा रही है। ऐसे जंगलराज के सरकार को बिहार में स्थापित नही रहने देंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार बेचारे और लाचार कुमार हैं। इनको कुछ पता नहीं रहता है। लालू यादव से हाथ मिलाकर बिहार में फिर से जंगल राज लाने में सहयोग कर रहे हैं। बता दें कि सासाराम में हिंसा का खौफ ऐसा है कि कुछ लोग घर छोड़ कहीं और चले गए तो कुछ लोग सामान बांध रहे हैं। जबकि नालंदा के कई इलाकों में शुक्रवार के दंगे के बाद अब भी कई जगह धुआं उठ रहा है। लोग डरे हुए हैं। तबाही के मंजर के निशान साफ दिख रहे हैं। डरे हुए लोग पलायन भी कर रहे हैं।




