पूर्णिया: वर्दी का धौंस दिखाकर यात्रियों से करता था ठगी, जीआरपी ने रंगे हाथ दबोचा!

SHARE:

आकाश कुमार की रिपोर्ट :-

खाकी वर्दी पहनकर खुद को रेलवे पुलिस बताकर ट्रेन में यात्रियों से मोबाइल और पैसों की ठगी करने वाले जालसाज को जीआरपी ने
पूर्णिया जंक्शन से धर दबोचा है। जीआरपी को लंबे वक्त से इस ठग की तलाश थी। वर्दी की आड़ में यात्रियों को चुना लगा रहे इस शातिर युवक को गिरफ्तार कर कटिहार कारा में भेज दिया गया है।

जीआरपी की पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम सचिन कुमार मेहता बताया है। जो मधेपुरा जिले के उदाकिशनगंज थाना क्षेत्र के मधुबन का रहने वाला है। जीआरपी ने उसके पास से पुलिस वर्दी, नेम प्लेट, बेल्ट व अन्य सामान भी बरामद किया है। जीआरपी की पूछताछ में उसने बताया कि वह काफी दिनों से फर्जी पुलिस कर्मी बनकर ट्रेन में लोगों को अपनी धौंस दिखाकर लोगों से रुपए ऐंठता था। साथ ही वह बात करने के बहाने उलझाकर मोबाइल लेकर फरार हो जाता था। सचिन ने बताया कि वह दो साल से कटिहार के मिरचाईबाड़ी में पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहा है। वह हर रोज पुलिस की वर्दी पहनकर ड्यूटी करने कटिहार तो कभी पूर्णिया रेलवे स्टेशन चला जाता था। सचिन की पत्नी करीब 7 महीने की गर्भवती भी है।

आरोपी सचिन ने जीआरपी को बताया कि कटिहार में रेलवे पुलिस की नौकरी लगने का झांसा देकर ही उसने दो साल पहले शादी की थी। आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि किसी ने उसे रेलवे में फर्जी पुलिस बनने की सलाह दी। इसके बाद रेलवे पुलिस की वर्दी चोरी की। फिर रेलवे पुलिस की वर्दी पहनकर ट्रेन में ठगी – छिनतई करने लगा। पुलिस ने बताया कि सचिन करीब एक साल से रेलवे का फर्जी पुलिस बनकर लोगों को चूना लगा रहा था।

उसने जीआरपी को बताया कि वह पुलिस की वर्दी में चलती ट्रेन में चढ़ जाता और फिर यात्रियों से फोन करने के बहाने से मोबाइल लेता था। जैसे ही ट्रेन कहीं धीमी होती, मोबाइल लेकर ट्रेन से कूद जाता था।

पूर्णिया जंक्शन थानाध्यक्ष लल्लू सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले कटिहार रेलवे स्टेशन पर एक छात्र की रील्स बनाने के बहाने उसका मोबाइल ठगकर फरार हो गया। पैसेंजर छात्र ने स्टेशन पर मौजूद जीआरपी को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। पूर्णिया जंक्शन पर दिल्ली से जोगबनी जाने वाली सीमांचल एक्सप्रेस से जैसे ही वह उतरा। रेलवे पुलिस की नजर जालसाज पर पड़ी। सख्ती से पूछताछ में उसने सारे राज उगल दिए।

Join us on:

Leave a Comment