मुलायम, शरद, शांति भूषण, सतीश कौशिक व हीराबेन को RSS ने दी श्रद्धांजलि!

SHARE:

रिपोर्ट अनमोल कुमार

संघ की बैठक में 100 से अधिक दिवंगत हस्तियों को किया गया याद
भागवत समेत 1400 से ज्यादा पदाधिकारी ले रहे हैं भाग
संघ के 34 संगठनों के पदाधिकारी और भाजपा अध्यक्ष नड्डा पहुंचे

पानीपत : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की एक उच्चस्तरीय बैठक में रविवार को समाजवादी पार्टी के दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव, समाजवादी नेता शरद यादव और वरिष्ठ अधिवक्ता शांति भूषण, अभिनेता-फिल्म निर्माता सतीश कौशिक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन को श्रद्धांजलि दी गई। बैठक के पहले सत्र में RSS के महासचिव दत्तात्रेय होसबोले ने उन सभी प्रसिद्ध हस्तियों के नाम पढ़े, जिनका पिछले एक साल में निधन हो गया। RSS की तीन दिवसीय वार्षिक आम बैठक रविवार को हरियाणा के समालखा में शुरू हुई, जिसमें संगठन की ओर से पिछले एक साल में दिवंगत हुए राजनीतिक नेताओं और प्रसिद्ध हस्तियों को श्रद्धांजलि दी गई। इस सूची में मुलायम सिंह यादव, शरद यादव और भूषण सहित 100 से अधिक दिवंगत हस्तियों के नाम शामिल थे। 12 से 14 मार्च तक चलने वाली इस बैठक में अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा अपनी शताब्दी वर्ष विस्तार योजना के तहत 2022-23 में कार्यों की समीक्षा करेगी और 2023-24 के लिए लक्ष्य निर्धारित करेगी। बता दें कि अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा RSS की सर्वोच्च नीति निर्णायक इकाई है। RSS की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की इस बैठक में संघ प्रमुख मोहन भागवत समेत 1400 से अधिक पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। विश्व हिंदू परिषद समेत संघ से जुड़े 34 संगठनों के पदाधिकारी भी इसमें भाग लेंगे। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और संगठन महासचिव बी एल संतोष भी शामिल होने पहुंचे हैं।

सामाजिक सद्भाव पर रहेगा जोर
यह प्रतिनिधि सभा कई सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर भी चर्चा करेगी। खासकर देश में सामाजिक सद्भाव का माहौल कैसे बनाया जाए और नागरिकों को अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने जैसे विषय भी इसमें शामिल हैं।

Join us on:

Leave a Comment