आकाश कुमार.
पूर्णिया
देश की प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी सम्मान से मिथिलेश राय को सम्मानित किया गया है। मिथिलेश मूल रूप से बिहार के पूर्णिया जिले के रहने वाले हैं। इन्हें नाट्य क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए यह सम्मान दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने दिया।
यह सम्मान उन्हे साल 2020 के लिए दिया गया है। पूर्णिया के वरिष्ठ रंगकर्मी मिथिलेश राय को संगीत अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
वहीं मिथिलेश राय को निर्देशन के लिए अकादमी अवार्ड से नवाजा जा चुका है। विगत कई सालों से बिहार झारखंड के केंद्रीय कारा में कैदियों की जीवन शैली में सुधार के लिए यह कार्यरत रहे है। इन्होंने सैकड़ो नुक्कड़ नाटक,स्टेज नाटक का निर्देशन भी किया है। इसके पूर्व भी मिथिलेश राय को बिहार संगीत नाटक अकादमी 2017 का सम्मान मिल चुका है। पुरस्कार मिलने के बाद मिथिलेश राय ने कहा कि महामहिम के हाथों पुरस्कार ग्रहण करना एक गौरवशाली क्षण रहा।
भीतिहरवा गांधी आश्रम प.चम्पारण में नाटक के जरिए लगातार तीन वर्षों तक समाज सुधार के लिए कार्यरत रहे हैं। इन्होंने हजारों नुक्कड़ नाटक और करीब 100 स्टेज नाटक का निर्देशन किया है। फिलहाल अभी पूर्णिया में कला भवन पूर्णिया और भरत नाट्य कला केंद्र के अध्यक्ष की हैसियत के साथ जुड़े हुए हैं और लगातार रंगकर्म की सेवा कर रहे हैं. पूरा जीवन इन्होंने रंगकर्म को समर्पित कर रखा है. सीमांचल और कोसी क्षेत्र से एकमात्र मिथिलेश राय को यह सम्मान दिया जा रहा है। बाकी बिहार से लेखन के क्षेत्र में ऋषिकेश सुलभ, नीलेश मिश्र को यह सम्मान मिल रहा है।




