प्रशान्त कुमार
ब्यूरो चीफ बेगूसराय
बेगुसराय :- एनटीपीसी बरौनी में गणतंत्र दिवस हर्ष उल्लासपूर्वक मनाया गया। दुल्हन की तरह सजे स्टेडियम परिसर में परियोजना प्रमुख रमाकांत पांडा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
समारोह को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख ने एनटीपीसी कंपनी के साथ-साथ बरौनी परियोजना की उपलब्धियों तथा सभी क्षेत्रों में चलाए जा रहे विशेष कार्यक्रमों की चर्चा की। उन्होंने संबोधन करते हुए कहा कि भारत का संविधान विश्व के सभी गणतांत्रिक देशों के संविधान का अद्भुत समन्वय है जो समता, समरसता तथा सद्भावना एवं विश्वबंधुत्व को निरुपित करता है। सभी को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने राष्ट्र के चहुमुखी विकास में एनटीपीसी की भूमिका पर प्रकाश डाला एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तत्पश्चात मुख्य अतिथि रमाकांत पांडा द्वारा केंद्रीय सुरक्षा बल, अग्नि सुरक्षा विंग और टाउनशिप सुरक्षा प्लाटूनों का निरीक्षण किया गया एवं उनके द्वारा मार्च पास्ट की प्रस्तुति की गयी।
इस अवसर पर अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एनटीपीसी कर्मचारियों को एच ओ पी मेरिटोरियस अवार्ड से सम्मानित किया इसके साथ ही श्री पांडा ने आयोजन में उपस्थित सभी कर्मचारी व उनके परिवारजन, सहयोगी संस्थाओं और परियोजना से प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप में जुड़े साथियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।




