रिपोर्ट अनमोल कुमार
कहा-पूरे देश की दुआएं उनके साथ, वह फाइटर हैं जल्द स्वस्थ होंगे
देहरादून: बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर और अनुपम खेर आज शनिवार सुबह भारतीय टीम के स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत से मिलने देहरादून के मैक्स अस्पताल पहुंचे, जो कल एक सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद वहां भर्ती हैं। अनुपम खेर ने कहा कि हम पंत से और उनकी मां से मिले। ऋषभ अब काफी बेहतर हैं। लोग उसके लिए प्रार्थना करने की अपील करें, ताकि वह जल्द ठीक हो जाएं। वह फाइटर हैं, पूरे देश की दुआएं उनके साथ हैं। अनिल कपूर ने कहा कि ऋषभ पंत का फैन हूं, इस नाते उनसे मिलने और हालचाल जानने आया था। वह जोश में हैं। हमें जो-जो फिक्र थी, अब बिल्कुल नहीं है। वह ठीक हैं।
अनिल कपूर ने कहा कि हमने उन्हें थोड़ा हंसाया भी। हम बॉलीवुड स्टार्स नहीं, बल्कि दोस्त के तौर पर उनसे मिलने गए थे। अनुपम खेर ने कहा कि मुझे लगता है कि ऐसे समय में मिलने जाना चाहिए। हॉस्पिटल का प्रोटोकॉल फॉलो करते हुए हमने उनसे मुलाकात की। दोनों ने गाड़ी थोड़ी धीरे चलाने की सलाह भी दी।
बता दें कि ऋषभ अपनी मां को सरप्राइज देने और नया साल परिवार के साथ मनाने के लिए 30 दिसंबर को खुद गाड़ी चलाकर दिल्ली से रुड़की जा रहे थे। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर उनकी गाड़ी डिवाइडर से टकरा कर सड़क पर कई पलटियां खाकर करीब 300 मीटर पर घिसटी।




