रिपोर्ट अनमोल कुमार
: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष रमीज राजा को उनके पद से बर्खास्त कर दिया गया है। रमीज राजा की जगह नजम सेठी को PCB का नया अध्यक्ष बनाया गया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने PCB की इस नई नियुक्ति पर मुहर लगा दी है। पिछले कुछ दिनों से लगातार इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि रमीज राजा को उनके पद से बर्खास्त किया जा सकता है। हालांकि बार-बार उन्होंने इन खबरों का खंडन किया था और PCB के अधिकारियों से भी कहा था कि सरकार की ओर से उन्हें पद पर बरकरार रहने की मंजूरी मिल गई है।
पहले भी रह चुके हैं नवाज के वक्त अध्यक्ष थे
रमीज की जगह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष बनने वाले नजम सेठी पहले भी इस पद पर रह चुके हैं। पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने उन्हें 2017 में PCB अध्यक्ष बनाया था, हालांकि इमरान खान सरकार आने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
भारत के खिलाफ उगल रहे थे जहर
रमीज राजा अपने बयानों के कारण काफी सुर्खियों में थे। उन्होंने भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए भी धमकी भरा लहजा अपनाया था और पाकिस्तान टीम के शामिल ना होने की बात कही थी। क्योंकि भारत ने पाकिस्तान में होने वाले एशिया कप में खेलने से इनकार कर दिया है, भारत का कहना है कि टूर्नामेंट किसी दूसरी जगह होना चाहिए। उसके बाद से ही रमीज PCB के खिलाफ आग उगल रहे थे।
बता दें कि पाकिस्तान को हाल ही में अपने ही घर में इंग्लैंड के हाथों 0-3 से बुरी हार झेलनी पड़ी थी। पाकिस्तान के क्रिकेट इतिहास में यह पहली बार हुआ था, जब पाकिस्तान को अपने ही घर में किसी टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप झेलनी पड़ी हो। इसके पहले ऑस्ट्रेलिया ने भी पाकिस्तान को उसके घर में हराया था।




