पीएम मोदी ने कहा-इसलिए मेहनत की, ताकि नरेंद्र का रिकॉर्ड भूपेंद्र तोड़े

SHARE:

रिपोर्ट अनमोल कुमार

लेकिन गुजरात ने तो रिकॉर्ड तोड़ने में भी रिकॉर्ड बना दिया
हिमाचल में एक % से भी कम अंतर से हार-जीत का फैसला हुआ

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को गुजरात और हिमाचल प्रदेश चुनाव परिणामों में भाजपा को मिले जनादेश के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा- मैंने इसलिए मेहनत की, ताकि भूपेंद्र, नरेंद्र का रिकॉर्ड तोड़े। लेकिन गुजरात की जनता ने तो रिकॉर्ड तोड़ने में भी रिकॉर्ड बना दिया। बता दें कि गुजरात में भाजपा ने 150 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज कर 7वीं बार प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है। जनता को धन्यवाद देते हुए पीएम मोदी ने कहा-मैं सबसे पहले जनता जनार्दन के सामने नतमस्तक हूं। आपका आशीर्वाद अभिभूत करने वाला है। जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जो परिश्रम किया है, उसकी खूशबू आज हम चारों तरफ अनुभव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के चुनाव में एक प्रतिशत से भी कम अंतर से हार-जीत का फैसला हुआ है। इतने कम अंतर से वहां कभी नतीजे नहीं आए हैं। हिमाचल में हर 5 साल में सरकार बदली है, लेकिन हर बार 5 से 7 प्रतिशत के अंतर से सरकार बदली है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रति ये स्नेह देश के अलग अलग राज्यों के उपचुनाव में भी दिख रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के रामपुर में भाजपा को जीत हासिल हुई है। बिहार के उपचुनावों में भाजपा का प्रदर्शन आने वाले दिनों का स्पष्ट संदेश कर रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि गुजरात के इतिहास का सबसे प्रचंड जनादेश भाजपा को देकर राज्य के लोगों ने नया इतिहास रच दिया है। वहां के लोगों ने जाति, वर्ग, समुदाय और हर तरह के विभाजन से ऊपर उठकर भाजपा को वोट दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को मिला जनसमर्थन नए भारत की आकांक्षाओं का प्रतिबिम्ब है। उन्होंने कहा कि भाजपा को मिला जनसमर्थन गरीब, शोषित, वंचित, आदिवासियों के सशक्तिकरण के लिए मिला समर्थन है।

मिला आदिवासियों का आशीर्वाद
पीएम मोदी ने कहा कि हमें गुजरात में आदिवासी समाज का आशीर्वाद मिला। गुजरात में एससी/एसटी की करीब 40 सीटें आरक्षित हैं, जिनमें से 34 सीटें भाजपा ने जीती हैं। आज जनजातीय समाज भाजपा को अपनी आवाज मान रहा है, उनका जबरदस्त समर्थन भाजपा को मिल रहा है। इस बदलाव को पूरे देश में महसूस किया जा रहा है।
भाजपा पर भरोसा करती है देश की जनता
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गुजरात के नतीजों ने साबित कर दिया कि सामान्य मानवी में विकसित भारत के लिए कितनी प्रबल आकांक्षा है। उन्होंने कहा कि संदेश साफ है कि जब देश के सामने कोई चुनौती होती है तो देश की जनता भाजपा पर भरोसा करती है।

Join us on:

Leave a Comment