पंकज कुमार जहानाबाद।
आत्मा जहानाबाद के द्वारा आज दिनांक 15 नवंबर 2022 को जहानाबाद जिले के 60 किसानों को व्यवसायिक बकरी पालन विषय पर पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु उत्थान, बजरंग पुरी गुलजारबाग, पटना संस्थान भेजा गया। किसानों के दल का नेतृत्व सहायक तकनीकी प्रबंधक प्रखंड हुलासगंज रौशन कुमार के द्वारा किया जा रहा है। किसानों को रवाना करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी-सह- परियोजना निदेशक आत्मा जहानाबाद संजय कुमार के द्वारा बताया गया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आत्मा योजना अंतर्गत राज्य के अंतर्गत कृषक प्रशिक्षण मद से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 15 नवंबर 2022 से 19 नवंबर 2022 तक पांच दिवसीय होगा। इसमें किसानों को बकरी पालन को व्यवसायिक रूप से कैसे करें उस बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी उन्होंने बताया कि बकरी पालन कम खर्च में अधिक मुनाफा देने वाला व्यवसाय है। बकरी से किसान दूध और मांस के साथ-साथ बाल, खाल और रेशों का व्यवसाय भी कर सकते हैं। इसके अलावा बकरी के मूत्र का इस्तेमाल खाद के रूप में भी किया जाता है। बकरी पालन के व्यवसाय में शुरुआती लागत कम होती है और इनके आवास एवं प्रबंधन पर भी कम खर्च आता है। वर्तमान समय में डेंगू रोग के प्रकोप की स्थिति में बकरी का दूध ₹300 से ₹500 प्रति लीटर तक बिक रहा है। यह व्यवसाय छोटे, सीमांत और भूमिहीन किसानों के लिए एक बेहतर विकल्प है। भाग लेने वाले किसानों में तारावती कुमारी, विभा सिंह, सीमा देवी, कविता देवी, निभा सिंह, सहदेव पासवान, धर्मवीर कुमार, मनोज पाठक, कुलदीप यादव, अशोक कुमार आदि प्रमुख हैं।




