बिहार के रिविलगंज से जेपी के गांव सिताबदियारा तक बनेगा पीपा पुल : नीतीश

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार

लोकनायक जेपी की जन्मस्थली पर जाकर सीएम ने उन्हें याद कर किया नमन
जदयू कार्यकर्ताओं के देश का पीएम कैसा हो नीतीश कुमार जैसा हो, के नारे पर मुस्कुराते रहें सीएम

पटना : बिहार के रिविलगंज से जेपी के गांव सिताबदियारा तक पीपा पुल बनेगा। इससे गांव के लोगों को कहीं जाने आने में कोई दिक्कत नहीं होगी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जेपी की धरती पर यह घोषणा की। नीतीश कुमार ने कहा है कि देश में समानता और भाईचारे के लिए लोकनायक जयप्रकाश नारायण के विचारों को आत्मसात करने की जरूरत है। जेपी के विचार को वे आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं। शनिवार को जेपी पुन्यतिथि पर उनके पैतृक गांव सिताबदियारा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिरकत की। इस मौके पर जब तक नीतीश कुमार रहे तब तक जदयू कार्यकर्ताओं ने देश का प्रधानमंत्री कैसा हो नीतीश कुमार जैसा हो और नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगाते रहे। यह सुनकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुस्कुराते रहे।

सीएम नीतीश कुमार ने इस दौरान जेपी स्मृति भवन सह पुस्तकालय का निरीक्षण किया और पत्रकारों, अफसरों व अन्य लोगों से बात की। सीएम ने कहा कि जेपी के विचार को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं। हम शुरू से ही जेपी के शिष्य रहे हैं। उनके नेतृत्व में हम लोगों ने आंदोलन किया। पूरी जिंदगी उनका प्यार मिलता रहा।
जेपी को याद करते हुए सीएम ने कहा कि उन्होंने स्कूल कॉलेज बंद करो का आह्वान किया तो मैंने जी जान से काम किया। इसी के बाद मैं उनके करीब आ गया। जिला मुख्यालय छपरा से रिविलगंज व सिताबदियारा की दूरी कम करने के लिए गौतम स्थान के पास एक पीपा पुल बनाए जाने की भी घोषणा नीतीश कुमार ने की।
जेपी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन करने लिए सिताबदियारा पहुंचे सीएम ने लोकनायक जय प्रकाश नारायण की पत्नी प्रभावती देवी के नाम पर स्थापित स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। सीएम ने सिताब दियारा में चल रहे कटाव निरोधी कार्यो का भी जायजा जल संसाधन मंत्री संजय कुमार के साथ लिया।

Join us on:

Leave a Comment