रिपोर्ट -अनमोल कुमार
जिसके पापा विधायक, बाबूजी मंत्री व सीएम, वो नौवीं फेल भी रहे तो वो राजा बनकर रहता है
बेतिया : चुनावी रणनीतिकार और एक समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद करीबी रहे प्रशांत किशोर ने बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर बड़ा हमला कर कहा है कि बिहार में कोई और नौवीं पास होता तो चपरासी की नौकरी मिलती। न्यूज चैनलों के मुताबिक प्रशांत किशोर ने जन सुराज यात्रा के दौरान लोगों से बातचीत में कहा कि तेजस्वी यादव को बिहार का डिप्टी सीएम बनाया गया है, इसकी एकमात्र वजह है कि तेजस्वी यादव राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे हैं। इसी वजह से तेजस्वी यादव 9वीं पास होने के बावजूद बिहार के डिप्टी सीएम बने हुए हैं। लोगों से क्षेत्रीय बोली में बात करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा-लालू जी का लड़का नौवीं पास है और वो बन रहा है मुख्यमंत्री लेकिन आपका लड़का नौवीं पास रहे तो उसको चपरासी की भी नौकरी मिलती है क्या? बताइए जरा...मिलना चाहिए कि नहीं? जिसके पापा विधायक, जिसके बाबूजी मंत्री और मुख्यमंत्री, और वो नौवीं फेल भी रहे तो उसको नौकरी मिल जाती है। और वो राजा बनकर रहता है। ये बदलना चाहिए कि नहीं। प्रशांत किशोर आज कल बिहार में जन सुराज पदयात्रा पर निकले हुए हैं। 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की कर्मभूमि पश्चिम चंपारण के भितिहारवा से पीके पदयात्रा पर निकले हैं। प्रशांत किशोर रोजाना करीब 10 किलोमीटर की पदयात्रा करते हैं और लोगों से जनसंवाद करते हैं। इस दौरान पीके ने लोगों से जब बातचीत के दौरान यह बात कही।




