रिपोर्ट -अनमोल कुमार
एक बार फिर जंगलराज का आगाज, ईश्वर नीतीश कुमार को सद्बुद्धि दें : जायसवाल
अपराधी खुलेआम गोलीबारी कर रहे, लोग सहमे हुए : रविशंकर
बिहार में गांधी के सिद्धांतों का पालन सरकार ही नहीं कर रही : सिन्हा
पटना : बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद अपराध की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि तथा लचर कानून व्यवस्था के खिलाफ सभी जिला मुख्यालयों में गांधी जयंती की प्रतिमा के सामने भाजपा ने आज प्रदर्शन किया। राजधानी पटना में गांधी मैदान स्थित गांधी प्रतिमा के सामने भाजपा के नेता और कार्यकर्ता जमा हुए और राज्य की गिरती कानून व्यवस्था को लेकर मौन धरना दिया।
15 मिनट मौन धरना के बाद भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था बुरी तरह से खराब हो गई है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं। यही कारण है कि आज गांधी जयंती के दिन हम लोग मौन धरना गांधी प्रतिमा के सामने दे रहे हैं और ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सद्बुद्धि दें।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि गांधीजी के सिद्धांत के बात करने वाले नीतीश कुमार आज पूरी तरह से सिद्धांत भिन्न राजनीति कर रहे हैं। यही कारण है कि फिर से एक बार जंगल राज का आगाज बिहार में दिखाई दे रहा है। आज हम इस धरना के जरिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मांग करते हैं कि राज्य में शांति व्यवस्था कायम करें और जो विकास का काम भारतीय जनता पार्टी के मंत्रियों ने शुरू किया था, उसे जल्द से जल्द पूरा करें।
इस मौके पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि आज बिहार का दुर्भाग्य है कि महात्मा गांधी की जयंती के दिन आज उनकी प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन करना पड़ रहा है। आज स्थिति यह है कि बालू और शराब के नाम पर नए अपराधिक गिरोह तैयार हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के नाक के नीचे बिहटा में घंटो गोलियां चलती रही, लेकिन पुलिस सिर्फ गोलियां गिनने पहुंची और फिर सरकार के निर्देश पर शवों की छिपा-छिपाई का खेल शुरू हो गया। सिन्हा ने कहा कि बिहार में गांधी के सिद्धांतों को दीवारों पर लिखवा दिया गया है, लेकिन पालन लिखवाने वाले ही नहीं कर रहे।
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि बिहार में अपराधियों का मनोबल ऐसा बढ़ गया है कि लोग सहमे हुए हैं। अपराधी खुलेआम गोलीबारी कर रहे हैं। पटना के बिहटा में हुए गोलीबारी से स्पष्ट हो गया है कि अपराधियों का मनोबल किस कदर बढ़ चुका है सरकार की कानून व्यवस्था लचर हो गई l महा गठबंधन सरकार के बनते है अपराधियों के खुलेआम तांडव कर रहे हैं।
इस मौके पर भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र जी, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, पूर्व मंत्री नंद किशोर यादव, नितिन नवीन, राणा रणधीर सिंह, भाजपा के प्रदेश महामंत्री डॉ संजीव चौरसिया, भाजपा विधायक अरुण कुमार सिन्हा, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, मुख्यालय प्रभारी सुरेश रूंगटा, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रो अजफर शम्सी, संतोष पाठक, प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिंह, अशोक भट्ट, प्रेस पैनलिस्ट विनोद शर्मा मनीष पांडे और पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव रंजन भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष लाजवंती झा, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मौलाना तुफैल कादरी कला संस्कृति प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक वरुण सिंह पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक आशुतोष कुमार शाही समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।