रिपोर्ट -अनमोल कुमार!
बिहार : मंत्री सुधाकर सिंह ने अपनी ही सरकार को घेरा
फर्जी आंकड़ों पर चल रहा कृषि विभाग, सुधर जाएं अधिकारी
कैमूर : बिहार की नीतीश सरकार में कृषि मंत्री सुधारकर सिंह ने अपनी ही सरकार पर जोरदार हमला बोला है। कैमूर में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने खुले मंच से कहा कि अधिकारी फर्जी आंकड़ों के आधार पर विभाग को चला रहे हैं। राज्य में सूखे की स्थिति पर उन्होनें विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई और कहा कि अधिकारी आंकड़ों का खेल बंद करें। उन्होंने अधिकारियों को भी आगाह किया कि झूठी रिपोर्ट करने की आदत में सुधार लाएं नहीं तो कार्रवाई की जाएगी। कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने कहा कि जमुई और मुंगेर जिले में पूरी तरह सूखा पड़ा है। लेकिन, रिपोर्ट की जा रही है कि वहां कैमूर से भी अच्छा पानी हुआ है। फसल लहलहा रही है। वे स्थानीय चांद चौक पर संघर्ष समिति एवं महागठबंधन द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह सह स्वागत सभा में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि बीज से लेकर बाजार तक में व्याप्त खामियों को दूर की जाएगी। बदलाव की व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम की शुरुआत कृषि मंत्री सुधाकर सिंह और भभुआ विधायक भरत बिंद को केकड़ा स्थित प्रखंड बार्डर पर दर्जनों बाइक के साथ किसान नेता अभिमन्यु सिंह ने माला पहना कर की। कृषि मंत्री के काफिले के आगे बाइक सवार सुधाकर सिंह जिन्दाबाद का नारा लगाते हुए चल रहे थे। समारोह के विशिष्ट अतिथि भभुआ विधायक भरत बिंद ने कहा कि महागठबंधन की सरकार धरातल पर काम करेगी। खाद के साथ सल्फर व एंजाइम बेचने पर रोक लगेगी। समारोह की अध्यक्षता वयोवृद्ध दीवान फखरुद्दीन खां और संचालन राजद के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्यामलाल यादव कर रहे थे।




