रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
हत्या केस में मंत्री का नाम, हम अपनी बात पर कायम : बीमा
दो दिनों में नोटिस का जवाब दूंगी, गलत बात पर आवाज उठाएंगे
पटना : बिहार सरकार में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह ने अपनी ही पार्टी जदयू की विधायक बीमा भारती को 5 करोड़ रुपये की मानहानि का नोटिस भेजा है। वहीं बीमा भारती ने कहा कि दो दिनों के अंदर वे इस नोटिस का जवाब देंगी। उन्होंने कहा कि हम अपनी बात पर कायम है,
जो गलत है उस पर हम आवाज उठाएंगे।
गौरतलब है कि बीमा भारती ने मंत्री लेसी सिंह के खिलाफ मीडिया में लगातार हमलावर है। जिसके बाद मंत्री लेसी सिंह ने जदयू विधायक के खिलाफ कानूनी नोटिस भेज दिया है। 5 करोड़ के नोटिस की जानकारी देते हुए जदयू विधायक बीमा भारती ने कहा कि लेसी सिंह के बारे में हम जो कहे थे वो गलत नहीं कहे थे। मीडिया में बयान देने के बाद हमारी तबीयत खराब हो गयी थी। जिसके बाद हम हॉस्पिटल में एडमिट थे। अभी भी तबीयत ठीक नहीं है। हॉस्पिटल से घर पहुंची तो पता चला की मंत्री लेसी सिंह ने मेरे खिलाफ 5 करोड़ का नोटिस भेजा है।
विधायक बीमा भारती ने कहा कि लेसी सिंह पर हम जो आरोप लगाए थे वो गलत नहीं था, बिल्कुल सही आरोप है। लेसी सिंह हत्या करवायी थी और उनके खिलाफ साक्ष्य भी है। इस मामले में कोर्ट में केस भी किया हुआ है। बावजूद इसके वो मंत्री पद पर बनी हुई हैं। बीमा भारती ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेसी सिंह को मंत्री पद से हटाने की मांग की है।
सीएम नीतीश को सब पता है
बीमा भारती ने बताया कि जदयू कोटे के मंत्री लेसी सिंह पर पूर्णिया के रिंटू सिंह की हत्या का आरोप है। उन्होंने लेसी सिंह पर जातिवाद करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केस में लेसी सिंह का नाम है। हम अतिपिछड़ा और मंडल समाज से आते हैं, हमें दबाने की कोशिश लेसी सिंह कर रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सब कुछ पता है। पार्टी और नेता सबके लिए बराबर है।




