प्रशांत कुमार की रिपोर्ट :-
बेगूसराय में दिनदहाड़े बेखौफ बदमाशों द्वारा फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी की गोली मारकर हत्या करने से नाराज लोगों ने शव के साथ एनएच 28 को जाम कर करीब 4 घंटे तक जमकर हंगामा किया। दरअसल तेघड़ा थाना क्षेत्र के दुलारपुर गांव निवासी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी सितेश कुमार की बरौनी थाना क्षेत्र के बरौनी चौक के निकट एनएच 28 पर बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद शव जैसे ही दुलारपुर गांव पहुंचा वैसे ही आक्रोशित लोगों ने दुलारपुर चौक के निकट एन एच 28 जाम कर दिया। लोग दिनदहाड़े युवक की हत्या से काफी नाराज थे और शव के साथ सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया। स्थानीय लोगों की मांग थी की घटना में शामिल बदमाशों की अविलंब गिरफ्तार किया जाए।

बताया जाता है कि सितेश कुमार बरौनी चौक के पास फाइनेंस कंपनी के भुगतान नहीं करने वाले वाहनों की धरपकड़ के लिए पहुंचा था तभी बाइक सवार को रोकने के बाद पीछा करते समय बदमाशों ने गोली मार दी जिसे इलाज के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। जाम की सूचना पर तेघड़ा डीएसपी ओमप्रकाश, सदर डीएसपी अमित कुमार, एसडीओ समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। करीब 4 घंटे तक एनएच 28 जाम रहा इस वजह से एनएच पर वाहनों की लंबी कतार लग जाएगी। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।




