प्रशांत कुमार की रिपोर्ट :-
बेगूसराय में शराब माफिया के हौसले कितने बुलंद है इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं जब उत्पाद विभाग की टीम शराब पीने और बेचने की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची तो लोगों ने पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस टीम पर लोगों ने रोड़ेबाजी की जिसके बाद पुलिस को वहां से भागना पड़ा लेकिन पुलिस ने मौके से 3 लोगों को हिरासत में ले लिया है । पूरी घटना सिंघौल थाना क्षेत्र के सिंघौल पोखर की है। बताया जाता है कि उत्पाद विभाग की टीम शराब पीने और बेचने की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची थी तभी स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। आप तस्वीरों में देख सकते हैं किस कदर लोग पुलिस वाहन पर रोड़ेबाजी कर रही है पुलिस की गाड़ी आगे से भाग रही है। इस घटना में एक सिपाही को चोट लगने की भी बात कही जा रही है। फिलहाल घटना के बाद काफी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की छानबीन की है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर पुलिस टीम पर हमला करने वालों की पहचान करने में जुटी हुई है।




