रिपोर्ट -अनमोल कुमार:-
कांग्रेस व हम को जदयू कोटे तो वामदल राजद कोटे से मंत्री बनेंगे
स्पीकर पर अभी तस्वीर साफ नहीं, 16 को कैबिनेट विस्तार लगभग तय
पटना : बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनी महागठबंधन सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार 16 अगस्त को होने की पूरी उम्मीद है। सरकार में हिस्सेदारी और मंत्रियों के नाम पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राजद सुप्रीमो लालू यादव से दिल्ली में चर्चा करने के बाद तेजस्वी यादव पटना लौट आए हैं। छन कर आई खबरों की माने तो कैबिनेट में नीतीश और तेजस्वी को मिलाकर सरकार में कुल 35 मंत्री बनाए जा सकते हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सीएम नीतीश कुमार और लालू यादव के बीच तय हुआ है कि राजद और जदयू के बीच 50-50 फॉर्मूले पर मंत्री बनाए जाएंगे। कांग्रेस और हम को जदयू अपने कोटे से मंत्री बनाएगी, जबकि वामदल राजद कोटे से मंत्री बनेंगे।
नए कैबिनेट में राजद के संभावित चेहरे
सूत्रों के मुताबिक, राजद को बिहार विधानसभा में स्पीकर का पद समेत 12-15 मंत्री पद मिल सकता है। राजद को अपने कोटे से सीपीआई-एमएल, सीपीआई या सीपीएम जैसी लेफ्ट पार्टियों को मंत्री पद देना होगा जो भी सरकार में शामिल होना चाहें। वैसे सीपीआई-एमएल महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने पटना में साफ कहा है कि माले सरकार को बाहर से समर्थन देगी और सरकार में शामिल नहीं होगी। अगर राजद से स्पीकर बनता है तो अवध बिहार चौधरी का नाम सबसे आगे है। राजद से मंत्री बनने वाले नेताओं की संभावित लिस्ट में तेज प्रताप यादव, आलोक कुमार मेहता, कुमार सर्वजीत, अख्तरुल इस्लाम शाहीन, ललित यादव, अनिता देवी, जितेंद्र राय, अनिल साहनी, चंद्रशेखर, भाई वीरेंद्र, भरत भूषण मंडल, वीणा सिंह, शाहनवाज, रणविजय साहू, सुरेंद्र राम, सुनील सिंह,बच्चा पांडे या राहुल तिवारी, कार्तिक कुमार के नाम शामिल हैं।
जदयू से ये हो सकते हैं मंत्री
जदयू को अपने ही कोटे में कांग्रेस और जीतनराम मांझी की हम को भी मंत्री का पद देना है। जदयू के जिन नेताओं का नाम महागठबंधन सरकार में मंत्री बनने की सूची में है, उसमें बिजेंद्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी, उपेंद्र कुशवाहा, संजय कुमार झा, लेसी सिंह, सुनील कुमार, जयंत राज, जमा खान और अशोक चौधरी शामिल हैं।
कांग्रेस के स्भावित मंत्री
सूत्रों के मुताबिक, यह भी मुमकिन है कि विधानसभा अध्यक्ष का पद राजद के बदले कांग्रेस को मिल जाए। उस स्थिति में कांग्रेस के तीन मंत्री बनेंगे। लेकिन अगर स्पीकर पद राजद को मिल जाता है तो कांग्रेस से चार नेता मंत्री बन सकते हैं। उन चार नेताओं में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा, विधायक दल के नेता अजित शर्मा, राजेश राम और शकील अहदम खां का नाम माना जा रहा हैं।




