रिपोर्ट -अनमोल कुमार!
नीतीश कुमार का 10 सालों में यह छठा प्रयोग, गिर रहा उनका स्कोर
पाला बदलने से चुनाव में इसका असर पक्का दिखेगा
नई दिल्ली : बिहार में नीतीश कुमार के पाला बदल पर कभी उनके चुनावी रणनीतिकार रहे प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार ने 10 सालों में यह छठा प्रयोग किया है। नीतीश कुमार की कोई ग्रोथ नहीं दिख रही है और जनता उनके चेहरे पर वोट नहीं कर रही है। वह यदि पाला बदल कर आए हैं तो निश्चित तौर पर चुनाव में भी उन पर असर दिखेगा।उन्होंने कहा कि इससे उनकी राजनीतिक स्थिति पर भी असर होगा।
115 विधायकों वाली पार्टी 43 पर आ गई
किसी भी गठबंधन में नीतीश कुमार के ही सीएम बने रहने को उनकी विश्वसनीयता कहे जाने पर भी प्रशांत किशोर ने कहा कि यह संभावनाओं की भी बात है। ऐसा नहीं है कि उनका नुकसान नहीं हुआ है। 115 विधायकों वाली पार्टी 43 पर आ गई है। ऐसा नहीं है कि उनमें गिरावट नहीं आ रही है। यह अलग बात है कि वह किसी तरह से गठजोड़ में मुख्यमंत्री बन जाते हैं।
2012-13 से ही सूबे में राजनीतिक अस्थिरता का दौर
प्रशांत किशोर ने ‘आज तक’ चैनल से एक बातचीत में बिहार के सियासी हालातों को लेकर कहा कि 2012-13 से ही राज्य में राजनीतिक अस्थिरता का दौर बना हुआ है। यह इसी का एक अध्याय है। बीते 10 सालों में यह छठी सरकार है। नीतीश के 2017 में एनडीए में जाना क्या गलती थी। इस सवाल पर पीके ने कहा कि यह तो समय ही बताएगा। छठी सरकार है, जब नीतीश कुमार सीएम बन रहे हैं। दुखद बात यह है कि इन बदलावों के चलते भी सीएम नीतीश ही रहे हैं और काम करने के तरीके में भी कोई बदलाव नहीं आया है। लेकिन जनता की स्थिति में भी कोई बदलाव नहीं आया।
शराबबंदी क्या होगा, राजद तो इसका विरोध कर रही
प्रशांत ने कहा कि यह देखने वाली बात होगी कि शराबबंदी पर क्या फैसला होगा। राजद तो इसका विरोध करती रही है। तेजस्वी यादव 10 लाख नौकरियों के वादे करते रहे हैं। देखना होगा कि अब कैसे इसे पूरा करते हैं। यदि पूरा कर दें तो अच्छी बात होगी और युवाओं का भला होगा।
पीएम बनने वाले व्यक्ति नहीं हैं नीतीश कुमार
नीतीश कुमार की छवि पर असर के सवाल पर पीके ने कहा कि उनकी कोई ग्रोथ नहीं दिख रही है और जनता उनके चेहरे पर वोट नहीं कर रही है। वह यदि पाला बदल कर आए हैं तो निश्चित तौर पर चुनाव में भी उन पर असर दिखेगा। 2010 में उनका जो स्ट्राइक रेट था, वह लगातार कम हो रहा है। नीतीश के पीएम बनने की संभावनाओं को पर उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ऐसे व्यक्ति नहीं हैं।




