रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
फ्लाइट से आए मंत्री-सांसदों व अभिनेत्री-अभिनेताओं का हुआ भव्य स्वागत
देवघर : झारखंड के देवघर से दिल्ली और दिल्ली से देवघर के लिए सीधी हवाई सेवा शनिवार से शुरू हो गई। इंडिगो की 180 सीटर फ्लाइट 6ई 6191 दिल्ली से उड़ान भरकर शाम को देवघर पहुंची। बिहार के सारण लोकसभा क्षेत्र से सांसद राजीव प्रताप रूडी व कैप्टन आशुतोष शेखर विमान के पायलट थे। वहीं, 4:22 बजे देवघर से दिल्ली के लिए इंडिगो के विमान ने पहली उड़ान भरी है। दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट 30 जुलाई की दोपहर उड़ान भरकर देवघर एयरपोर्ट पहुंची। शनिवार को देवघर पहुंचने वाले सांसदों और अभिनेत्री-अभिनेताओं का देवघरवासियों की ओर से भव्य स्वागत किया गया।
पहला टिकट भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लिया था
दिल्ली से देवघर की पहली फ्लाइट का पहला टिकट भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कराया था। उनके साथ सांसद व भोजपुरी फिल्म स्टार मनोज तिवारी, गोरखपुर सांसद रवि किशन, आजमगढ़ सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ, सांसद अनुराग शर्मा, सांसद प्रवेश वर्मा, सांसद सुनील सिंह, सांसद कमलेश पासवान व सुब्रत पाठक, सांसद रवींद्र कुशवाहा, बिहार के उद्योग मंत्री मंत्री शाहनवाज हुसैन व फिल्म अभिनेता शेखर सुमन और अभिनेत्री आम्रपाली दुबे भी देवघर पहुंचे।
दुनिया की अत्याधुनिक लैंडिंग की व्यवस्था : रूढ़ी
विमान के पायलट सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी ने देवघर एयरपोर्ट के बारे में बताया कि दुनिया की अत्याधुनिक लैंडिंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, तकनीकी जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि समुद्र तल से 802 फीट की ऊंचाई पर स्थित देवघर एयरपोर्ट फिलहाल 654 एकड़ में फैला हुआ है। 2620 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे है जो एयरबस ए 320 और बोइंग 737 दोनों प्रकार के विमानों के लिए उपयुक्त है। भविष्य में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के रूप में विकसित हो सकता है।
सांसद रूढ़ी ने बताता कि देवघर एयरपोर्ट पर मध्य यूरोप तक अंतरराष्ट्रीय उड़ान भरने वाले नए इंजन विकल्प के साथ ए- 321 नियो विमानों को भी उतारा जा सकता है। दो एयरबस ए-320 के लिए एक एप्रन, टैक्सी-वे और एक आइसोलेशन से सुसज्जित हवाई अड्डा का 4 हजार वर्ग मीटर में प्रति घंटे 200 यात्रियों की क्षमता वाले टर्मिनल भवन का निर्माण किया गया है।
इसके अलावा विमानों की सही-सही लैंडिंग के लिए सटीक दृष्टिकोण पथ संकेतक की व्यवस्था भी देवघर हवाई अड्डे पर की गई है। हालांकि एयरपोर्ट पर रिफ्यूलिंग की व्यवस्था नहीं है, जिस कारण विमान को पहले से ईंधन लेकर आना पड़ेगा।
बाबा के श्रृंगार पूजा में शामिल होंगे आए विशिष्ट लोग
दिल्ली से सीधी उड़ान सेवा के तहत देवघर पहुंचने वाले सांसद आज शाम बाबा भोले के श्रृंगार पूजा में शामिल होंगे इसके बाद दूसरे दिन यानी कल वे यहां से प्रस्थान कर जाएंगे। माना जा रहा है कि इस विमान सेवा से भगवान शिव के भक्तों के लिए आसानी हो जाएगी। एक अगस्त को सावन की तीसरी सोमवारी पर दिल्ली से कई यात्रियों के यहां पूजा करने के लिए आने की संभावना जताई जा रही है।




