रिपोर्ट-अनमोल कुमार :-
पदक के प्रबल दावेदार नीरज तीन-चार सप्ताह करेंगे आराम
नई दिल्ली : भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा चोट के कारण 28 जुलाई से इंग्लैंड के बर्मिंघम में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स से बाहर हो गए हैं। इससे भारत को एक बड़ा झटका लगा है। राष्ट्रमंडल खेलों में भाला फेंक स्पर्धा उन्हें पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। वे अगले तीन-चार सप्ताह आराम करने वाले हैं। हाल ही में समाप्त हुई 2022 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने 88.13 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीतकर देश के लिए इतिहास रचा था। वे इस प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय और रजत पदक अपने नाम करने वाले पहले खिलाड़ी थे। इसी स्पर्धा के दौरान उनकी दाहिनी जांघ में हल्का खिंचाव आया था। ओलंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचने वाले नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने के बाद इस बात की पुष्टि की थी कि उनको थ्रो करते समय पैर में दर्द हुआ था। हालांकि, उन्होंने चौथे थ्रो में अपना पदक पक्का किया था और अगले दो थ्रो फेंकते समय उनको काफी दर्द हुआ था, जिसके कारण थ्रो फाउल रहे थे। नीरज चोपड़ा को ग्रोइन इंजरी है, जिसे ठीक होने में वक्त लगेगा। नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के बाद बताया था कि चौथे थ्रो के बाद वे पट्टी बांधकर थ्रो करने गए थे, लेकिन काफी दर्द हुआ था। इस वजह से थ्रो अच्छा नहीं रहा। उन्होंने बताया था कि आशा है कि ये जल्दी ठीक हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने अब कॉमनवेल्थ गेम्स से हटने का फैसला किया है और वे करीब 20 दिन आराम करने वाले हैं।




