अनमोल कुमार की रिपोर्ट :-
पूछताछ के दौरान दवाओं के साथ प्रियंका उसी कमरे में मौजूद थीं
ब्रेक के लिए पूछने पर सोनिया ने कहा-लंच करूंगी
सड़क पर उग्र प्रदर्शन करते खड़गे, थरूर सहित 75 कांग्रेस पुलिस हिरासत में
रिपोर्ट -अनमोल कुमार नई दिल्ली : सोनिया गांधी से 21 जुलाई को दो घंटे से कम की पूछताछ के बाद इंटेरोगेशन का पहला दिन पूरा हो गया है। स्वास्थ्य कारणों के चलते उनसे आज दोबारा पूछताछ नहीं की जाएगी। बताया जा रहा है कि 25 जुलाई को उनसे दोबारा पूछताछ हो सकती है। फिलहाल ईडी ने कोई नया समन जारी नहीं किया है। उधर, पूछताछ के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने सड़क पर उग्र प्रदर्शन किया। मल्लिकार्जुन खड़गे, शशि थरूर सहित कांग्रेस के 75 सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी नेशनल हेराल्ड केस में पूछताछ के लिए सुबह के वक्त ईडी के दफ्तर पहुंची थी। उनके साथ उनकी बेटी और कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी भी पहुंची थी। सोनिया गांधी अपने साथ दवाएं लेकर गई थीं। पूछताछ के दौरान प्रियंका और सोनिया गांधी एक ही कमरे में मौजूद थीं।
मोनिका शर्मा के पास पूछताछ की कमान
सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी से पूछताछ की कमान महिला अफसर मोनिका शर्मा को सौंपी गई है। वह ईडी में एडिशनल डायरेक्टर के पद पर हैं। 75 वर्षीय सोनिया गांधी के स्वास्थ्य को देखते हुए दफ्तर में एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई थी। सोनिया गांधी के स्वास्थ्य कारणों के चलते प्रियंका गांधी को भी दफ्तर में रहने की इजाजत दी गई थी।
जल्द पूछताछ की सोनिया की रिक्वेस्ट ईडी मानी
ईडी सूत्रों का कहना है कि करीब दो घंटे की पूछताछ के बाद ईडी के अधिकारियों ने सोनिया गांधी से कहा कि क्या वे थोड़ा ब्रेक लेना चाहती हैं। जवाब में सोनिया गांधी ने कहा कि हां वो लंच करना चाहती हैं। फिर सोनिया गांधी की तरफ से कहा गया कि क्या आज की पूछताछ जल्दी पूरी की जा सकती है। इस पर ईडी के अधिकारी मान गए। हालांकि ईडी के अधिकारियों ने सोनिया गांधी से कहा कि उन्हें 25 जुलाई को फिर से बुलाया जा सकता है।




