रिपोर्ट – अनमोल कुमार
विधायक ने कहा-जमीन का सारा दस्तावेज मेरे पास
: हमेशा अपने कारनामों के लिए सुर्खियों में रहने वाले गोपालपुर के जदयू विधायक गोपाल मंडल पर अब जमीन कब्जा करने और मारपीट मामले में केस किया गया है। विधायक और उनके समर्थकों पर शीश महल होटल के मालिक धनंजय यादव के बयान पर बरारी थाने में केस दर्ज किया गया है। धनंजय यादव ने मायागंज अस्पताल में इलाज कराने के दौरान दिये अपने बयान में कहा है 1 जून को बरारी स्थित उनकी जमीन पर हरवे-हथियार से लैस होकर विधायक गोपाल मंडल, राजेश पांडेय, अजीत कुमार मिश्रा उर्फ बबलू समेत 20-30 लोग मापी करवा रहे थे। इसका विरोध करने पर विधायक ने गाली-गलौज कर मारपीट की। विधायक के बॉडीगार्ड ने कनपटी पर पिस्तौल सटा दिया और मारने की धमकी दी।
मंडल ने इसकी जांच करने की मांग डीआईजी से की
वहीं, इस मामले में विधायक गोपाल मंडल शुक्रवार को डीआईजी विवेकानंद से मिले। विधायक ने कहा कि उन्होंने उक्त जमीन का अपने बेटे के नाम से एग्रीमेंट कराया है जिसका सारा दस्तावेज उनके पास है। फिर भी विपक्षी उस पर दावा कर रहे हैं। विधायक ने पूरे मामले की जांच की मांग डीआईजी से की है। डीआईजी ने उन्हें इस मामले की जांच का आश्वासन दिया।




