सचिन केजरीवाल की रिपोर्ट
साहिबगंज
आज एक गुप्त सूचना के आधार पर शहर की जिरवाबाड़ी ओपी पुलिस ने थाना क्षेत्र अंतर्गत साक्षरता मोड़, काटरगंज के पास से विस्फोटकों से लदे एक ट्रक बीआर 10 जीए 3421 को जब्त किया है। पुलिस ट्रक के चालक व खलासी को भी अपनी हिरासत में लेकर उनसे बरामद विस्फोटकों के विषय में पूछताछ कर रही है। मामले को ले कर अब तक मिली जानकारी के अनुसार विस्फोटकों से भरा यह वाहन बिहार के शेखपुरा से आ रहा था और इसे जिले के तालझारी पहुंचाने का जिम्मा वाहन के चालक को दिया गया था। पुलिसिया पूछताछ में पता चला है कि वाहन को राजीव नामक व्यक्ति के पास पहुंचाया जाना था। लेकिन पुलिस ने पहले ही इसे पकड़ लिया। फिलहाल मामले को ले कर पुलिस वाहन के चालक जमशेद व खलासी मिस्टर से पूछताछ कर रही है। दोनों साहिबगंज के छोटी कोदरजनना के रहने वाले हैं। जिरवाबाड़ी ओपी प्रभारी सुनील कुमार ने मामले को ले कर बताया है कि उन्हें विस्फोटको से भरे इस वाहन के गुजरने की एक गुप्त सूचना मिली थी। जिसके बाद साक्षरता मोड़ पर वाहनों की जांच के दौरान उक्त वाहन की जांच की गयी तो उसमें विस्फोटक लदा पाया गया, जिसके बाद उसे जब्त कर आगे की छानबीन की जा रही है।




