पत्थर खदान में घायल युवक का अबतक कोई अता-पता नहीं

SHARE:

ब्यूरो रिपोर्ट शंखनाद

11 फरवरी को चित्रागढ़िया के पत्थर खदान में घायल युवक का अबतक कोई अता-पता नहीं

घायल का कहां इलाज चल रहा है बताने में पुलिस प्रशासन भी विफल

शिकारीपाड़ा(दुमका)

थाना क्षेत्र के चित्रागढ़िया मौजा में चल रही पत्थर की एक अवैध खदान में 11 फरवरी 2022 को चित्रा गढ़िया गांव का 40 वर्षीय ताला किस्कू ड्रिल करने के क्रम में गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया था| जिसे पत्थर खदान मालिक इलाज के नाम पर उठाकर पश्चिम बंगाल ले गए थे| तब से आज तक उसका कुछ भी अता पता नहीं है|स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से सिर्फ इतना बताया जा रहा है कि उसका कहीं इलाज चल रहा है|हालांकि घटना की सूचना पाते ही शिकारीपाड़ा थाना के एक पुलिस पदाधिकारी ने उक्त खदान पर जाकर घटना का सत्यापन किया था| अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नूर मुस्तफा ने बताया था कि घायल होने की सूचना प्राप्त हुई है उसका नाम पता तथा कहां इलाज चल रहा है इसका पता लगाया जा रहा है। बताते चलें कि घटना के 6 दिन बाद पुलिस ने नाम तो पता कर लिया है कि घायल व्यक्ति ताला किस्कू है जो चित्रा गढ़िया गांव का ही रहने वाला है लेकिन उसका इलाज कहां चल रहा है इसका पता नहीं लगाया जा सका है। चित्रागढ़िया मौजा में पत्थर खदान चलाने वाले एक खदान मालिक ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि जिस खदान में घटना घटी है वह खदान एप्पल शेख की दूसरी नंबर की खदान है| जिसमें सुदीप चैटर्जी, मिथुन खान, पीरु बसर उर्फ उदू शेख पार्टनर हैं|खदान संचालक काफी पहुंच वाले व्यक्ति हैं|कुछ ही दिन पूर्व इन्हीं के आमचूआ स्थित पत्थर खदान में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है| जिसमें मृतक की बेटी के बयान पर शिकारीपाड़ा पुलिस ने मामला भी दर्ज किया है तथा जिला खनन पदाधिकारी द्वारा अवैध पत्थर उत्खनन का मामला दर्ज कराया गया है। इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी नवल किशोर सिंह ने बताया कि घायल का इलाज कहां चल रहा है इसका पता नहीं है लेकिन बताया जा रहा है कि घायल का इलाज चल रहा है|घायल के परिजनों को थाने में लिखित शिकायत करने के लिए खबर किया गया है| अब तक कोई नहीं आया है, इसलिए पुलिस कुछ नहीं कर पा रही है। वहीं क्षेत्र में चर्चा है कि मामला को रफा-दफा करने के लिए अवैध पत्थर खदान संचालक द्वारा अपनी संपूर्ण शक्ति लगा दी गई है।

Join us on:

Leave a Comment