रिपोर्ट – अमित कुमार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सली’ वाले बयान पर राज्यसभा सांसद मनोज झा ने तीखा पलटवार किया है। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने पीएम को स्क्रिप्ट राइटर बदलने की नसीहत तक दे डाली।
मनोज झा ने कहा कि प्रकाश के पर्व दिवाली के दिन प्रधानमंत्री द्वारा ऐसी शब्दावली का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ‘दिमागी नक्सली’ की परिभाषा क्या है? क्या परीक्षा और ईमानदार चुनाव पद्धति की मांग करने वाला व्यक्ति दिमागी नक्सली है? प्रधानमंत्री को अपने भाषण लिखने वालों पर ध्यान देना चाहिए और जरूरत पड़े तो अपने स्क्रिप्ट राइटर को बदल देना चाहिए।
पीएम के संभावित बिहार दौरे को लेकर मनोज झा ने कहा कि बिहार आना खुशी की बात है लेकिन पीएम को बिहार की बेरोजगारी, युवाओं और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी जवाब देना चाहिए। बिहार को सिर्फ श्रमिक राज्य बनाकर नहीं छोड़ना चाहिए। मनेर एनकाउंटर पर भी उन्होंने पीएम से बिहार के अधिकारों पर जवाब मांगा।
जेडीयू के भविष्य को लेकर प्रशांत किशोर के बयान पर मनोज झा ने कहा कि वह ज्योतिषी नहीं हैं और न ही हाथ या कुंडली देखकर किसी पार्टी का भविष्य बता सकते हैं। सोनिया गांधी पर विदेशी फंडिंग के आरोपों पर सत्ता पक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि सरकार आखिर किसकी है? अगर आरोप हैं तो सरकार को जवाब देना चाहिए।
तेजस्वी यादव के जन्मदिन पर उन्होंने कहा कि जिनसे उम्मीद और संभावनाएं जुड़ी होती हैं, उनके जन्मदिन को लोग खास तरीके से मनाते हैं।
बाइट: प्रो. मनोज झा, राज्यसभा सांसद – राजद



