रिपोर्ट :- अमित कुमार!
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने हड़ताल पर गए राजस्व कर्मचारियों और अमीनों पर बड़ी कार्रवाई की बात कही है। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा बुलाई गई एनडीए की बैठक, अग्निवीर योजना और मधुबनी की घटना पर तेजस्वी यादव के आंदोलन को लेकर भी बयान दिया।
मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि हड़ताल पर गए राजस्व कर्मचारियों और अमीनों को तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश दे दिया गया है। उनके डोंगल सरकार ने वापस ले लिए हैं और अब दूसरे कर्मचारियों से काम कराया जाएगा। सरकार का काम किसी हाल में बंद नहीं होगा और जनता को तकलीफ नहीं होने दी जाएगी।
“जो राजस्व कर्मचारी और अमीन हड़ताल पर थे, उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश दे दिया गया है। उनके डोंगल भी ले लिए गए हैं। हम दूसरे कर्मचारियों से काम कराएंगे। सरकार का काम बंद नहीं होगा। हमने कहा था कि मांगों पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं, लेकिन वो नहीं माने तो कार्रवाई करनी पड़ी।”
मुख्यमंत्री द्वारा बुलाई गई एनडीए की बैठक पर मंत्री ने कहा कि यह रूटीन बैठक है, कई मुद्दों पर चर्चा होगी। जदयू-भाजपा में कोई दिक्कत नहीं है, हम पांच पांडव की तरह एक साथ हैं।
“आज एनडीए की बैठक बुलाई गई है, कई मुद्दों पर बात होगी। ये रूटीन बैठक है, चलती रहती है। जदयू-भाजपा में कहीं कोई दिक्कत नहीं है। कुछ लोग ख्वाब देख रहे हैं, सरकार बनाने का ख्वाब, उससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। हम पांच पांडव एक साथ हैं।”
अग्निवीर योजना के सेवा विस्तार पर उन्होंने कहा कि अग्निवीर नरेंद्र मोदी जी का स्पेशल फोर्स है। वहीं मधुबनी घटना पर तेजस्वी यादव के आंदोलन पर उन्होंने कहा कि सरकार कार्रवाई कर रही है, फायरिंग करने वाला अपराधी है, गिरफ्तारी होगी, इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।




