VB-G RAM G मिशन के तहत गांवों के समग्र विकास को ₹22,000 करोड़ की विभिन्न योजनाओं को करें शामिल – सम्राट

SHARE:

:- रवि शंकर शर्मा (अमित)

आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण में 12 लाख रूपये किये जायेंगे खर्च, अतिरिक्त 02 लाख रूपये आंगनबाड़ी केन्द्रों के साज-सज्जा, पठन-पाठन सामग्री, फर्नीचर आदि पर किये जायेंगे खर्च।

➤ VB-G RAM G मिशन के तहत अभी तक 1.5 लाख योजनायें ली गई हैं, इनकी संख्या बढ़ाकर 3 लाख करें।

मुख्य बिंदु :-

विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, आजीविका को सशक्त बनाने और गांवों के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

राज्य के सभी गांवों में मुलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुये सभी कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करें, जिलाधिकारी इसकी सतत् निगरानी करें।

ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी तथा 15 दिनों के भीतर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर।

जल संरक्षण, ग्रामीण अवसंरचना, आजीविका संवर्द्धन एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता।

आंगनबाड़ी केंद्र, ग्रामीण हाट एवं विद्यालयों में अतिरिक्त क्लासरूम के निर्माण, नहरों एवं जलाशयों के जीर्णोद्धार, जल संरक्षण और वृक्षारोपण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करें।

तकनीक आधारित पारदर्शिता, सामाजिक अंकेक्षण एवं शिकायतों के त्वरित निवारण पर बल।

पटना, 05 नवम्बर 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा गांवों में आधारभूत संरचनाओं के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री एच०आर० श्रीनिवास ने VB-G RAM G की विशेषतायें, कार्य योजना एवं क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ गांवों का समग्र एवं संतुलित विकास सरकार की प्राथमिकता है। VB-G RAM G मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी है। केंद्र एवं राज्य सरकार के बीच 60:40 के अनुपात में वित्त पोषण की व्यवस्था होगी। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर, अर्थात् 15 दिनों में मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि VB-G RAM G मिशन के तहत गांवों के समग्र विकास एवं ग्रामीण रोजगार के लिए 22,000 करोड़ रूपये की विभिन्न योजनाओं को शामिल करें। आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण में 12 लाख रूपये खर्च किये जायेंगे। साथ ही अतिरिक्त 02 लाख रूपये आंगनबाड़ी केन्द्रों के साज-सज्जा, पठन-पाठन सामग्री, फर्नीचर आदि पर खर्च किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि VB-G RAM G मिशन के तहत अभी तक 1.5 लाख योजनायें ली गई हैं, इनकी संख्या बढ़ाकर 3 लाख करें। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी गांवों में मुलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुये उन सभी कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करें, इसके लिए संबंधित विभाग समन्वय करें, जिलाधिकारी इसकी सतत् निगरानी करें। आंगनबाड़ी, स्कूल, हेल्थ केयर सेंटर, ग्रामीण हाट, वृक्षारोपण कार्य, जल संरक्षण, विद्यार्थियों के लिए खेल मैदान का निर्माण सहित ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं को पूर्ण करने के लिए तेजी से काम करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायतों को विकसित करने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए। इसके तहत जल सुरक्षा, ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका संवर्द्धन तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित चार प्रमुख श्रेणियों में कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने योजनाओं के चरणबद्ध क्रियान्वयन के साथ कार्यों की निगरानी में तकनीक के अधिकाधिक उपयोग तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सामाजिक अंकेक्षण की प्रभावी व्यवस्था और जनशिकायतों के त्वरित निवारण पर भी बल दिया। मुख्यमंत्री ने ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत आधारभूत संरचनाओं के निर्माण एवं विकास को विशेष प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। जिन विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षाओं की आवश्यकता है, वहां अतिरिक्त क्लासरूम के निर्माण का लक्ष्य पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ग्रामीण हाट के निर्माण हेतु भी लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने राज्य में जल संरक्षण को लेकर कहा कि नहरों, जलाशयों एवं अन्य जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार आवश्यक है। इन संरचनाओं की मरम्मती एवं पुनर्स्थापन के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को इन कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से हो सके। उन्होंने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को जल संरक्षण एवं वनीकरण के लिए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने भू-जल स्तर को बनाए रखने तथा भविष्य की जल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए जल संरक्षण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। वृक्षारोपण एवं जल संचयन के कार्यों को समन्वित रूप से आगे बढ़ाया जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि VB-G RAM G मिशन के सभी प्रावधानों एवं योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका संवर्द्धन और आधारभूत संरचनाओं के विकास के कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें, ताकि ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर में सुधार हो और विकसित बिहार के संकल्प को मजबूती मिले।

बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, भवन निर्माण मंत्री श्रीमती लेशी सिंह, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री सी०के० अनिल, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री आनंद किशोर, ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री एच०आर० श्रीनिवास, कृषि विभाग के प्रधान सचिव श्री नर्मदेश्वर लाल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह,ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव श्री अभय कुमार सिंह, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव श्री राजीव रौशन, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, पथ निर्माण विभाग की विशेष सचिव श्रीमती शैलजा शर्मा, VB-G RAM G के आयुक्त श्री अंजनी कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Join us on: