भोजपुर में डबल मर्डर से सनसनी, मां-बेटे की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या, हथौड़े से भी किया गया वार!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय!

जगदीशपुर के तेंदुनी गांव में दोहरा हत्याकांड, पारिवारिक और जमीन विवाद में हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

बिहार के भोजपुर जिले में एक बार फिर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में धारदार हथियार और लोहे के हथौड़े से वार कर मां-बेटे की निर्मम हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। घटना को अंजाम देने का आरोप मृतका के बड़े बेटे पर लगा है।

मृतकों की पहचान तेंदुनी गांव निवासी रामवती देवी और उनके पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामवती देवी अपने छोटे बेटे सुनील कुमार के साथ रहती थीं। इसी दौरान पारिवारिक विवाद और जमीन को लेकर चल रहे विवाद में इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मां-बेटे पर पहले धारदार हथियार गड़ासे से हमला किया गया। इसके बाद लोहे के हथौड़े से भी वार किया गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी के फरार होने की बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद जगदीशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार और थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया, ताकि घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।

इस मामले में मृतका रामवती देवी के बड़े बेटे दिनेश उर्फ दीपक और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

वहीं, घटनास्थल पर पहुंचे जगदीशपुर एसडीपीओ रवि कुमार ने बताया कि रामवती देवी और सुनील कुमार मां-बेटे थे। दोनों की हत्या धारदार हथियार और हथौड़े से की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

फिलहाल इस दोहरे हत्याकांड के पीछे की असली वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

बाइट: रवि कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जगदीशपुर।

Join us on: