रिपोर्ट – ऋषभ कुमार!
वैशाली जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पातेपुर थाना क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय की सीढ़ियों पर गुरुवार सुबह 10वीं के छात्र की लाश मिली है। मृतक की पहचान महिषौर थाना क्षेत्र के विभूतिनगर निवासी 15 वर्षीय शिवम कुमार के रूप में हुई है।
मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। उसके दोनों हाथ और पैर टूटे हुए हैं। सिर पर भी धारदार हथियार से हमले का निशान है। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
लड़की को लेकर हुए विवाद में हत्या का आरोप
मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि लड़की को लेकर हुए झगड़े में शिवम की पीट-पीटकर हत्या की गई है।
मृतक की मां ने बताया कि 15 दिन पहले स्कूल में दोस्त की बहन के साथ छेड़खानी हुई थी। एक लड़के ने उसे अपना फोन नंबर देकर बात करने को कहा था। इसका विरोध करते हुए शिवम और उसके दोस्त ने मिलकर छेड़खानी कर रहे लड़के को थप्पड़ मारा था। उसी दिन से उसे धमकी मिल रही थी।
मां के अनुसार – “कल रात 10-11 बजे बेटा घर में ही था। खाना खाकर भाई के साथ सोने चला गया था। देर रात में कब निकला पता नहीं। रात में 3 बजे के करीब मैं देखने गई तो वो वहां नहीं था। उसके भाई को जगाकर पूछा तो वो बोला मुझे नहीं पता। मेरा फोन भी नहीं है, शायद वो साथ ले गया है।”
बेटे को खोजने के लिए मैं कुछ दूर तक गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। फोन करने पर मोबाइल बंद आ रहा था। सुबह 6 बजे जानकारी मिली कि मेरे बेटे की हत्या कर दी गई है।
प्रधानाध्यापक ने कुछ भी बताने से किया इनकार
स्कूल परिसर में छात्र का शव मिलने के बाद प्रधानाध्यापक ने इस संबंध में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। जबकि मां का दावा है कि स्कूल में हुई लड़ाई की खबर टीचर और प्रिंसिपल को थी। घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर स्कूल में रात के समय तैनात रहने वाले गार्ड की ड्यूटी को लेकर भी सवाल किए जा रहे हैं।
दो भाइयों में छोटा था शिवम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
शिवम दो भाइयों में छोटा था और दसवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता सुरेंद्र पासवान प्रदेश से बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है। 15 साल के शिवम का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भीड़ जुटी है।
मां का कहना है कि मेरे बेटे को मारने वाले को सख्त सजा होनी चाहिए।
FSL टीम ने की जांच, पुलिस ने शुरू की तफ्तीश
घटना की गंभीरता को देखते हुए FSL की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सैंपल लिए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा कि छात्र की मौत हादसा है या सुनियोजित हत्या। परिजन घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



