स्टील लेजर कटिंग मशीन के गोदाम में भीषण आग, 50 लाख से अधिक का नुकसान!

SHARE:

रिपोर्ट – मिथुन कुमार!

नालन्दा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय मोड़ के समीप गुरुवार की सुबह शॉर्ट सर्किट से स्टील लेजर कटिंग मशीन के गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में वहां रखी करीब 50 लाख रुपये मूल्य की दो सीएनसी लेजर कटिंग मशीनें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। गोदाम में रखे अन्य सामान के साथ करीब 2 करोड़ रुपये नुकसान का अनुमान है।

घटना विनायक लेजर कटिंग के गोदाम में हुई। संचालक गौरी विश्वकर्मा के पुत्र सौबेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह गोदाम से धुआं उठता देखकर स्थानीय लोगों ने उन्हें घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि अंदर जाना संभव नहीं था। इसके बाद उन्होंने अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जमा रही। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों को इसकी चपेट में आने से बचा लिया गया।

आग में गोदाम में रखी मशीनों के अलावा अन्य सामान भी पूरी तरह जल गया है। प्रारंभिक तौर पर नुकसान दो करोड़ रुपये से अधिक का बताया जा रहा है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो सका है।

दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि घटना को लेकर संचालक की ओर से अभी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद ही आग से हुए नुकसान का सटीक आकलन किया जा सकेगा!

Join us on: