मुजफ्फरपुर- नाबालिग छात्रा से छेड़खानी का आरोप, वार्ड सदस्य को पुलिस ने किया गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष तिवारी!

मनियारी में घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस विशेष टीम कर रही मामले की जांच

मुजफ्फरपुर के मनियारी थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़खानी के आरोप का मामला सामने आया है। आरोप वार्ड सदस्य सह पड़ोसी पर लगाया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। पीड़िता की मां की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला सामने आने के बाद आरोपित वार्ड सदस्य को उठाया है और पूछताछ कर रही है।

पीड़िता के अनुसार, शनिवार रात करीब 8 बजे वह बथान से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसका पीछा किया और रास्ते में उसका हाथ पकड़ लिया। आरोप है कि वह छात्रा को जबरदस्ती बांसवारी की ओर ले जाने का प्रयास कर रहा था।

छात्रा ने बताया कि उसने आरोपी से कहा कि वह अपने पिता को बुला लेगी। इसी दौरान स्थानीय लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से भाग गया। इसके बाद छात्रा घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता की मां ने रविवार को मनियारी थाना में लिखित आवेदन दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस की विशेष टीम भी पूरे मामले की जांच कर रही है।

डीएसपी पश्चिमी-2 अमरेश चंद्र ज्ञानी ने बताया कि मनियारी थाना में आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन में नाबालिग छात्रा के साथ उसके पड़ोसी द्वारा छेड़खानी का आरोप लगाया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आवेदन और आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: