नवादा / सोनू सिंह ।
नवादा जिले के कौआकोल। प्रखण्ड के सोखोदेवरा स्थित शिवपुर जलाशय (डैम) में नहाने के दौरान डूबे 16 वर्षीय राकेश कुमार का शव करीब 22 घंटे बाद शनिवार को एनडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। राकेश,सोखोदेवरा टोला शिवपुर निवासी सुनील रविदास का पुत्र था। एनडीआरएफ की टीम ने जलाशय में एक घंटे से अधिक समय तक कड़ी मशक्कत करने के बाद शव को बाहर निकाला। शव बरामद होने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में लोग शव को देखने के साथ एनडीआरएफ की टीम की कार्रवाई देखने के लिए मौके पर मौजूद रहे। कौआकोल थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया गया है। इधर,शव मिलने के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिजन घटना को हत्या की साजिश बताते हुए मामले की जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




