आरा/आशुतोष पाण्डेय!
भोजपुर के आरा में चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने विरोध प्रदर्शन किया। राजद कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय आरा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व राजद भोजपुर जिलाध्यक्ष वीरबल यादव ने किया।
राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची में कथित हेरफेर और चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष वीरबल यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोच्च है और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठने वाले सवालों का समाधान चुनाव आयोग को पारदर्शिता के साथ करना चाहिए।
विधान पार्षद सोनू राय ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की आधारशिला है और मतदाता सूची एवं चुनाव संचालन से जुड़े सवालों का संतोषजनक समाधान जरूरी है। वहीं जिला प्रवक्ता आलोक रंजन ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और चुनाव आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग भी की।
जिला परिषद सदस्य डॉ. भीम यादव ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के मताधिकार का संरक्षण लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।
प्रदर्शन के दौरान राजद नेताओं ने लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी मांगों को आगे भी उठाते रहने की बात कही। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राम विशुन सिंह उर्फ लोहिया, पूर्व प्रत्याशी रामबाबू सिंह सहित राजद के कई नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




