रिपोर्ट- मो. मुर्शिद!
नेपाल में बारिश के बाद बढ़ा पानी, चारा लेकर लौटते समय हुआ हादसा; मानिकपुर में पसरा मातम
नरपतगंज. नेपाल क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बाद बलुआही धार का जलस्तर अचानक बढ़ने से शुक्रवार को मानिकपुर पंचायत में बड़ा हादसा हो गया. धार में डूबने से दो महिलाओं की मौत हो गई. हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया.
मृतकों की पहचान वार्ड संख्या-13 निवासी अड़हुल देवी, पति अरुण यादव और अर्चना देवी, पति कुंदन यादव के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं अन्य महिलाओं के साथ खेत से मवेशियों के लिए चारा लेकर वापस लौट रही थीं. इसी दौरान धार का पानी अचानक बढ़ गया और दोनों गहरे पानी में चली गईं.
घटना के बाद साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाकर ग्रामीणों को जानकारी दी. ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर दोनों महिलाओं को पानी से बाहर निकाला. एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी को चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां उसे भी मृत घोषित कर दिया गया.
सूचना मिलने पर फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
घटना के बाद जिला पार्षद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्रवण कुमार दास, सेवानिवृत्त सैनिक खगेंद्र यादव, सुधीर यादव, पैक्स अध्यक्ष चुनचुन यादव समेत कई लोगों ने मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी.
ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के दिनों में बलुआही धार का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है. धार पर पुल नहीं होने के कारण लोगों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ता है. ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित पुल निर्माण की मांग को फिर उठाते हुए प्रशासन से सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था कराने की मांग की है.




