दरभंगा संवाददाता: लक्ष्मण कुमार।
दरभंगा। नाबालिग के अपहरण के आरोप में मंडल कारा में बंद आरोपी के जेल से फरार होने के मामले में अब डीएमसीएच से एक वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में अस्पताल में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस जवान कथित तौर पर भर्ती आरोपी को मोबाइल फोन देते और उससे किसी व्यक्ति से बातचीत कराते हुए नजर आ रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जेल प्रशासन और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद यह जांच का विषय बन गया है कि अस्पताल में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात जवान ने आरोपी को मोबाइल फोन किसके निर्देश पर दिया और उससे बातचीत क्यों कराई गई। वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे मामले में जवान की भूमिका की जांच की जा रही है।
बताया जाता है कि आरोपी ने इससे पहले मंडल कारा की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए सीढ़ी के सहारे जेल की ऊंची दीवार फांदकर भागने की कोशिश की थी। बाद में पुलिस ने उसे पोलो मैदान के पास स्थित एक मंदिर से पकड़ लिया। जेल की दीवार से कूदने के दौरान आरोपी के पैर में फ्रैक्चर हो गया था, जिसके बाद उसे इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया।
आरोपी की पहचान मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र निवासी मो. फरमान साह के रूप में हुई है। वह मनीगाछी थाना कांड संख्या 266/26 में 13 वर्षीय नाबालिग के अपहरण के आरोप में मंडल कारा में बंद था।
अब आरोपी को मोबाइल फोन दिए जाने के वायरल वीडियो के साथ-साथ उसके जेल से भागने की पूरी घटना में सुरक्षा व्यवस्था की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि आरोपी को मोबाइल फोन उपलब्ध कराने में किसकी भूमिका थी और इसके पीछे क्या कारण था।।।।।



