रिपोर्ट – मनोज कुमार!
खबर पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां 17 वर्षीय सूरज जायसवाल की हत्या के बाद सड़क पर उतरा आक्रोश, शव रखकर जाम और आगजनी
बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत लालगढ़ पंचायत के धर्मपुर गांव के समीप 17 वर्षीय किशोर सूरज जायसवाल की पीट-पीटकर हत्या के बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। घटना के विरोध मे धर्मपुर चौक के समीप शव को सड़क पर रखकर बेतिया-सरिसवा मुख्य मार्ग जाम कर दिया गया।
आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी कर विरोध जताया और हत्या में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सड़क जाम होने के कारण बेतिया-सरिसवा मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। वहीं, चनपटिया के पूर्व विधायक उमाकांत सिंह भी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।
फिलहाल पुलिस-प्रशासन द्वारा लोगों को समझाने और जाम समाप्त कराने का प्रयास जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर की जा रही है।



