मधुबनी – गाँजा की खेप के साथ तस्करी कर रहे पिता पुत्र को पुलिस ने दबोचा!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

मधुबनी जिले के अरेर थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत रविवार की देर रात एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्वाई करते हुए कपसिया गांव के नवाबगंज टोले में छापेमारी कर करीब 1.445 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए गांजा तस्करी में संलिप्त पिता-पुत्र को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कपसिया नवाबगंज टोला के मोहम्मद मुसा व उसके पुत्र मोहम्मद जिलानी के रूप में की गई है। इस संबंध में अरेर थानाध्यक्ष आनंद शंकर गौरव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नवाबगंज टोला में गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिये थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पीटीसी जय प्रकाश भारती और एसआइ आनंद कुमार ने पुलिस बल के साथ चिन्हित ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस टीम ने जब संदिग्ध घर में तलाशी ली, तो आरोपी ने गांजे की खेप को एक प्लास्टिक के थैले में छिपाकर रखा हुआ था। पुलिस ने मौके से 1.445 किलोग्राम गांजा जब्त करते हुए पिता-पुत्र दोनों को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस के सामने स्वीकार किया है कि वे नेपाल की सीमा से गांजे की तस्करी कर लाते थें। इसके बाद गांव और आसपास के इलाकों में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर इसे ऊंचे दामों पर बेचा करते थें। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार पिता-पुत्र से विभिन्न बिंदुओं पर सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नेपाल से गांजा की सप्लाई करने वाले मुख्य सरगना कौन हैं और इस अवैध धंधे के सिंडिकेट में स्थानीय स्तर पर कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर गहन अनुसंधान कर रही है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जायेगा।

Join us on: