रिपोर्ट – बिकास कुमार!
-सहरसा। भाजपा युवा नेता अभिजीत कुमार सिंह राजपूत की गोली मारकर हत्या के मामले का सहरसा पुलिस ने रविवार को खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपी आर्यन कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी आर्यन कुमार सिंह को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक अभिजीत सिंह राजपूत और आरोपी आर्यन कुमार सिंह आपस में दोस्त थे। 16 सितंबर की रात दोनों जन्मदिन की पार्टी के बाद अभिजीत के घर पहुंचे थे। इसके बाद आर्यन अपने दोस्त मोहित पाठक को लेकर दोबारा वहां पहुंचा।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के दौरान हथियारों की सफाई और शराब पीने के क्रम में रैक के बकाया पैसे को लेकर अभिजीत और आर्यन के बीच विवाद हुआ। पुलिस का दावा है कि विवाद के दौरान अभिजीत ने आर्यन पर गोली चलाई, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद आर्यन और मोहित ने कथित तौर पर अभिजीत का हथियार छीनकर उस पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आर्यन की उम्र करीब 25 वर्ष है। घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। वहीं, सुपारी लेकर हत्या किए जाने की बात पर एसडीपीओ ने कहा कि इस बिंदु पर भी जांच जारी है। जांच में तथ्य सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने मामले में आगे की जांच जारी रहने की बात कही है।
वाईट-पंकज कुमार सिंह . DSP



